हर सनातनी और राम भक्त को अपने प्रभु का जन्मोत्सव का बेसब्री के इंतजार रहता है। इस वर्ष यह 6 अप्रैल को देशभर में विशेष आयोजन होंगे। ज्योतिषाचार्य पं. अमर डब्बावाला ने बताया कि इस बार दशरथ नंदन श्री राम का जन्मोत्सव बहुत विशेष योग में मनाया जाएगा।
By Arvind Dubey
Publish Date: Mon, 17 Mar 2025 07:42:03 AM (IST)
Updated Date: Mon, 17 Mar 2025 08:03:30 AM (IST)
HighLights
- सुबह से रात तक नक्षत्रों के राजा पुष्य की चमक
- श्रीराम की आराधना शुभ फलदायी मानी गई है
- पंचग्रही युति योग में हर अनुष्ठान का महत्व
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। रामनवमी पर छह अप्रैल को रवि पुष्य नक्षत्र के महासंयोग में दशरथ नंदन श्री राम का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। खास बात यह है कि इस दिन पुष्य नक्षत्र सुबह से लेकर रात तक विद्यमान रहेगा।
रवि पुष्य को नक्षत्रों का राजा माना गया है। इसकी साक्षी में चैत्र नवरात्र की पूर्णाहुति व श्रीराम की आराधना शुभफलदायी मानी गई है। विशेष यह भी है कि इस दिन पंचग्रही युति योग भी रहेगा।
ज्योतिषाचार्य पं. अमर डब्बावाला ने बताया कि किसी भी महापर्व के दिन योग, संयोग व विशिष्ट नक्षत्र की मौजूदगी इसकी शुभता को और बढ़ा देती है। इस बार छह अप्रैल को रामनवमी के दिन सुबह से रात्रि पर्यंत पुष्य नक्षत्र की साक्षी रहेगी।
रविवार के दिन पुष्य नक्षत्र धर्म आराधना व पूजन के लिए विशेष माना गया है। इसकी मौजूदगी में नवरात्र की पूर्णाहुति तथा प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव मनाना विशेष शुभ है।

पीड़ा व व्याधि निवारण के लिए यह करें
वाल्मीकि रामायण एवं रामचरितमानस में चौपाइयों के माध्यम से संकट, पीड़ा, अपमृत्यु आदि के दोष का निराकरण बताया गया है। रामायण में बहुत से छंद दोहे व चौपाइयां इस प्रकार से हैं जो मानसिक तनाव, चिंता और व्याधियों से मुक्ति का मार्ग बताते हैं। राम जन्म के समय इनका पाठ विशेष लाभ प्रदान करता है।








