चैत्र शुक्ल नवमी तिथि पर 6 अप्रैल को भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव रामनवमी पर्व के रूप में श्रद्धा उल्लास से मनाया जाएगा। रामनवमी पर रवि योग, रवि पुष्य नक्षत्र योग, सर्वार्थ सिद्धि योग का संयोग बन रहा है।
By Arvind Dubey
Publish Date: Sat, 05 Apr 2025 11:57:17 AM (IST)
Updated Date: Sat, 05 Apr 2025 11:57:17 AM (IST)
HighLights
- रविवार को देशभर में मनाई जाएगी रामनवमी
- निकलेगी शोभायात्रा, मंदिरों में होगी महाआरती
- भंडारों का आयोजन भी, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
धर्म डेस्क, इंदौर/रायपुर। ज्योतिर्विदों के अनुसार, इस बार रामनवमी का पर्व बहुत विशेष होने जा रहा है। इस अवसर पर रवि पुष्य के साथ ही सुकर्मा एवं सर्वार्थ सिद्धि योग भी रहेगा। इस संयोग में दान-पूजन का कई गुणा फल जातक को प्राप्त होगा।
इंदौर के ज्योतिषाचार्य शिवप्रसाद तिवारी के अनुसार, चैत्र माह की नवमी तिथि शनिवार शाम 7.27 बजे से लगेगी जो अगले दिन दिवस पर्यंत रहेगी। उदया एवं दोपहर 12 बजे भी नवमी तिथि होने से एक मत से राम नवमी रविवार को मनाई जाएगी। पूजा के लिए श्रेष्ठ समय 2 घंटे 31 मिनट- सुबह 11.09 से दोपहर 1.40 बजे तक रहेगा।
रामनवमी पर यहां लगता है मालपुआ का भोग
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 400 वर्ष पुराने दूधाधारी मठ और 250 वर्ष पुराने जैतूसाव मठ में 11 क्विंटल मालपुआ का भोग भगवान श्रीराम को अर्पित किया जाएगा। इसके अलावा नागरी दास मठ, गोपीदास मठ में श्रीराम-सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न की प्राचीन प्रतिमाओं का मनमोहक श्रृंगार दर्शन करने श्रद्धालु उमड़ेंगे।
प्राचीन मंदिरों में जहां मालपुआ का भोग लगेगा वहीं कुछ वर्ष पूर्व वीआईपी रोड पर निर्मित भव्य श्रीराम मंदिर में सोने से बने सिंहासन पर विराजित श्रीराम-सीता की प्रतिमा का मनमोहक श्रृंगार दर्शन करने हजारों श्रद्धालु उमड़ेंगे।
यहां भी क्लिक करें – रामनवमी पर बन रहे कई मंगलकारी योग… हर काम में सफलता के ये हैं आसान उपाय
दक्षिण मुख वाला शंख और तैरने वाला पत्थर
दूधाधारी मठ में दक्षिण मुख वाला शंख है, जिसे पर्व विशेष के दौरान ही दर्शन के लिए रखा जाता है। साथ ही मठ परिसर में रामेश्वर के राम सेतु का तैरने वाला पत्थर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र है। जैतूसाव मठ पुरानी बस्ती स्थित जैतूसाव मठ लगभग 250 वर्ष पुराना है।







