29 मार्च को देश के सभी प्रमुख शनि मंदिरों में दिनभर अनुष्ठान होंगे। मध्य प्रदेश के जबलपुर में नर्मदा तट पर स्थित दो शनि मंदिरों का इतिहास बहुत प्राचीन है और दूर-दराज के लोग इन मंदिरों में दर्शन पूजन करने आते हैं।
By Arvind Dubey
Publish Date: Thu, 27 Mar 2025 10:11:00 AM (IST)
Updated Date: Thu, 27 Mar 2025 10:21:53 AM (IST)
HighLights
- पवित्र नदियों के तट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी
- कालसर्प योग के निदान के भी उपाय किए जाएंगे
- पितृदोष के निवारण, पिंडदान व तर्पण भी किए जाएंगे
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर : चैत्र कृष्ण पक्ष अमावस्या 29 मार्च, शनिवार को है। शनिवार को पड़ने वाली अमावस्या को विशेष माना जाता है और इसे शनि अमावस्या कहते हैं।
इस बार शनि अमावस्या पर शनिदेव कुंभ राशि से निकलकर मीन राशि में प्रवेश करेंगे। इसके चलते मीन राशि मे छह ग्रहों का षटग्रही योग बनेगा। इसकी वजह से छह अन्य महत्वपूर्ण योग भी बनेंगे।

शनि की महादशा का निवारण किया जाएगा
- विद्वानों की मानें तो इन सभी योगों के महासंयोग में शनि पूजन का फल सौ गुना हो जाएगा। इन योगों पर स्नान-दान कर शनि की महादशा के निवारण के लिए पवित्र नदियों के तट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी।
- कालसर्प योग के निदान के भी उपाय किए जाएंगे। अमावस्या पर पितृदोष के निवारण, पिंडदान व तर्पण करने वालों का भी घाटों पर जमावड़ा लगेगा। लोग बड़ी संख्या में शनि मंदिरों में दर्शन, पूजन व तेल अर्पित करने पहुंचेंगे।
एक ही राशि में होंगे छह ग्रह
ज्योतिषाचार्य डॉ. संदीप शुक्ला के अनुसार, शनि अमावस्या के दिन धार्मिक कार्य करने से उसका प्रभाव कई गुना अधिक बढ़ जाता है। शनि अमावस्या पर शनि ग्रह शांति से जुड़े कुछ उपाय करने से भक्तों को सर्वाधिक लाभ मिलता है।
वर्तमान स्थिति में सूर्य, बुध, शुक्र और राहु ग्रह मीन राशि में मौजूद हैं। 28 मार्च को चंद्रमा मीन राशि में प्रवेश करेगा। 29 मार्च को शनि मीन राशि में प्रवेश करेगा। इस प्रकार 29 मार्च को इस एक राशि में कुल छह ग्रह होंगे। इसके चलते मीन राशि में षटग्रही योग बनेगा, जो बहुत दुर्लभ माना जाता है।
ये सात योग बनेंगे
ज्योतिषाचार्यों की मानें तो छह ग्रहों के इस अद्भुत संयोग के कारण 29 मार्च को सात योग एक साथ आ रहे हैं। इस दिन षटग्रही योग के साथ ही बुधादित्य, शुक्रादित्य, मालव्य, लक्ष्मी नारायण, समसप्तक व शश योग भी होंगे। इन सभी योगों का संयोजन पूजन, पितृकर्म, शुभ अनुष्ठान के लिए अति उत्तम होगा।







