Parmarth TV
जयपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने एक पूर्व सरपंच के सरकारी भर्तियों में सेटिंग, गारंटी से चयन और नौकरी लगवाने के दावे को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को निशाने पर लिया है।
कांग्रेस नेता डोटासरा ने इस संबंध में सोशल मीडिया के माध्यम से बड़ा बयान दिया है। उन्होंने आज एक्स के माध्यम से कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल बिना पेपर लीक के सैकड़ों परीक्षा कराने की डींगें हांक रहे हैं, जबकि अखबरों की सुर्खियां चीख-चीख कर भर्तियों में सौदेबाजी और फर्जीवाड़ों की गवाही दे रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी.. भाजपा सरकार में एक भी भर्ती ऐसी बताइए, जिसमें पेपर लीक, फर्जीवाड़े, सेटिंग या चयन प्रक्रिया में गड़बड़ी के गंभीर सवाल न उठे हों! दैनिक भास्कर की पड़ताल में हुआ खुलासा गंभीर है। पूर्व सरपंच विनोद प्रजापति के चैट और मैसेज में सरकारी भर्तियों में सेटिंग, गारंटी से चयन और नौकरी लगवाने के दावे भजनलाल सरकार के कथित पारदर्शी सिस्टम की पोल खोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर परीक्षाएं ईमानदारी से हुई हैं तो फिर ये खबरें क्या कह रही हैं? सवाल ये है कि भर्ती व्यवस्था पर युवाओं का भरोसा अब तक बहाल क्यों नहीं हुआ?
भर्ती घोटालों के सवालों पर पर्दा डालने का दोहरा चरित्र नहीं चलेगा
पूर्व शिक्षा मंत्री डोटासरा ने इस संबंध में आगे कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी, भाषणों में जीरो टॉलरेंस और हकीकत में भर्ती घोटालों के सवालों पर पर्दा डालने का दोहरा चरित्र नहीं चलेगा। हमारी मांग है पिछले 3 साल में हुई सभी परीक्षाओं एवं सौदेबाजी के दावों की निष्पक्ष जांच हो। युवाओं आपके दावों की नहीं, निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कठोर कार्रवाई और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था की गारंटी चाहिए।
PC: zeenews.india
Parmarth TV







