सोमवार को महिलाओं द्वारा दशा माता व्रत कर पूजा-अर्चना की जा रही है। दशा माता को मां लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है। यह व्रत ग्रहों की प्रतिकूल दशा को दूर करने और परिवार की उन्नति के लिए किया जाता है।
By Arvind Dubey
Publish Date: Mon, 24 Mar 2025 10:36:56 AM (IST)
Updated Date: Mon, 24 Mar 2025 11:50:10 AM (IST)
HighLights
- चैत्र मास के कृष्ण पक्ष की दशमी तिथि आज
- सुख-शांति व समृद्धि के लिए रखा जाता है व्रत
- पीपल वृक्ष की परिक्रमा, कथा सुनने का विधान
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। चैत्र कृष्ण दशमी पर सोमवार को महिलाएं घर की दशा सुधारने के लिए दशा माता का पूजन कर रही हैं। इस दिन व्रत रखकर पीपल के वृक्ष का पूजन करने के उपरांत कथा श्रवण किया जाता है। महिलाएं कच्चे सूत के धागे में 10 गठान लगाने के बाद हल्दी में पीला करके स्वर्ण हार के रूप में धारण करती हैं।
मान्यता है कि इससे दुख, दारिद्रय का नाश होकर परिवार में सुख समृद्धि आती है। उज्जैन के ज्योतिर्विद पं.अमर डब्बावाला ने बताया कि हिंदू धर्म परंपरा में दशा माता व्रत का विशेष महत्व है। इस व्रत में महिलाएं दशा माता से दशविध लक्ष्मी की प्राप्ति के लिए प्रार्थना करती हैं।

कच्चा सूत और 10 गठान का महत्व
- पूजन में हल्दी से रंगे हुए सूत के कच्चे धागे में 10 गठान लगाकर पूजा अर्चना करने का महत्व है। महिलाएं दशा माता से मनोकामना मांगते हुए धागे में 10 गठान लगाती हैं। इसके बाद पूजा अर्चना कर इसे हल्दी से पीला करने के बाद गले में पहनती हैं। बाद में इस धागे को घर की तिजोरी में रखा जाता है।
- मान्यता है कि इससे घर परिवार में वर्षभर सुख समृद्धि बनी रहती है। अगले वर्ष जब महिलाएं फिर से दशा माता का पूजन करने जाती हैं तो तिजोरी में रखे धागे को साथ लेकर जाती है। इस धागे को पीपल के वृक्ष के समीप पूजन स्थल पर रख देती है और नई दशा घर लेकर आती हैं।

सुख-शांति और समृद्धि की कामना
महिलाएं इस दिन व्रत और पूजन कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना करती हैं। सोमवार को महिलाओं द्वारा दशा माता का व्रत कर पूजा-अर्चना की जा रही है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार दशा माता व्रत चैत्र मास के कृष्ण पक्ष की दशमी तिथि को किया जाता है। यह व्रत मुख्य रूप से सौभाग्यवती स्त्रियों द्वारा किया जाता है, जो अपने परिवार की सुख-समृद्धि और अनिष्ट ग्रहों की दशा को दूर करने के लिए इसे विधिपूर्वक करती हैं।
इस दिन महिलाएं पीपल वृक्ष की पूजा कर कच्चे सूत के धागे में गांठ लगाकर अर्पित करती हैं। इस धागे को विधिपूर्वक पूजन के बाद इसे माला की तरह गले में धारण किया जाता है।







