देश में रंगों के त्योहार होली का माहौल बन चुका है। सभी को होलिका दहन का इंतजार है, जिसके अगले दिन धुलेंडी पर होली खेली जाएगी। अभी होलाष्टक चल रहे हैं। यूं तो होलाष्टक में सभी तरह के मांगलिक कार्यों की मनाही होती है, लेकिन इस बार शादियां हो रही हैं।
By Arvind Dubey
Publish Date: Mon, 10 Mar 2025 02:22:13 PM (IST)
Updated Date: Tue, 11 Mar 2025 12:54:26 AM (IST)
HighLights
- 7 मार्च 2025 से लग चुके हैं होलाष्टक
- शादी के अलावा अन्य शुभ कार्य नहीं
- 12 मार्च को है माह का अंतिम विवाह
धर्म डेस्क, इंदौर। गुरु व शुक्र तारा उदय होने से इस बार होलाष्टक के बाद भी शादियाें का दौर जारी है। 8 एवं 9 मार्च को कई जगह बारात निकलने का दौर जारी रहा। हालांकि विवाह को छोड़ दिया जाए तो शेष शुभ कार्यों पर रोक लगी हुई है।
इस माह का अंतिम विवाह 12 मार्च को होगा, जिसके बाद एक माह तक शादियां नहीं होंगी। रंगों के पर्व के पहले 7 मार्च से होलाष्टक शुरू हो गया है। गुरु एवं शुक्र तारा इस दौरान अस्त न होने की वजह माह का अंतिम विवाह 12 मार्च तक होगा।
गुरु और शुक्र अस्त न होना प्रमुख कारण
- ज्योतिषाचार्य पं. रामगोविंद शास्त्री ने बताया कि होलाष्टक लगने के कारण पहले तो शादी-विवाह में रोक लग जाती है, लेकिन इस बार गुरु और शुक्र अस्त न होने के कारण शादियां होती रहेंगी।
- इसके अलावा सूर्य भी कुंभ राशि में हैं, जिस कारण विवाह में रोक नहीं है। इस बार 7 से 12 मार्च को तक शादियां होंगी। इसके अलावा होलाष्टक खत्म होने के बाद मलमास शुरू होगा, जिसमें भी कोई मांगलिक कार्य नहीं होंगे।
- मध्य प्रदेश के सागर में संत पुजारी संघ के अध्यक्ष पं. शिवप्रसाद तिवारी के अनुसार, फाल्गुन मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि से पूर्णिमा तक होलाष्टक की मान्यता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार होलाष्टक में मांगलिक कार्य नहीं किए जाते हैं।
- होलाष्टक की वजह से हर वर्ष शादी विवाह में रोक लग जाती है, लेकिन इस बार सिर्फ गृह प्रवेश, मुंडन संस्कार, नामकरण, भूमि पूजन सहित अन्य शुभ कार्यों पर रोक है। इसके बाद मलमास खत्म होने के बाद ही शुभ काम शुरू होंगे।

यहां भी क्लिक करें – ‘माता लक्ष्मी का वास होता है, रोग-दोष से मुक्ति मिलती है’… ज्योषाचार्यों ने बताया क्यों लकड़ी नहीं, कंडों से करें होलिका दहन
पुष्टिमार्गीय वैष्णव मंदिरों में शुरू हुआ होली उत्सव
इस बीच रंगभरी एकादशी पर सोमवार को श्रीकृष्ण मंदिरों में पांच दिवसीय होली उत्सव की शुरुआत हो गई। हालांकि पुष्टिमार्गीय वैष्णव मंदिरों में एक दिन पहले ही होली उत्सव की शुरुआत हो गई है। ठाकुरजी ने फूल बंगले में चांदी के पिचकारी से होली खेली। वैष्णवजन भी ठाकुरजी के रंग में रंगे नजर आए और ग्वाल, बाल के रूप में जमकर होली खेली। रंगोत्सव का यह क्रम 14 मार्च को डोल यात्रा के दिन तक चलेगा।
रंगभरी एकादशी से धुलेंडी पर डोल के दिन तक छह दिवसीय होली उत्सव का आयोजन होता है। इन छह दिनों में ठाकुरजी फूल बंगले में चांदी की पिचकारी से टेसू के फूलों से बने रंग से होली खेलते हैं।
इस बार 10 मार्च को रंगभरी एकादशी होने से 14 मार्च को डोल यात्रा के दिन तक छह की बजाय पांच दिन हो रहे हैं। डोल यात्रा के पहले पांच दिन पूरे करना आवश्यक है, इसलिए ठाकुरजी की हवेलियों में 9 मार्च से होली उत्सव की शुरुआत हो गई है।







