देश में रंगों के त्योहार होली की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आम जनता के साथ ही पुलिस प्रशासन भी तैयार है। होलिका दहन के साथ विभिन्न परंपराओं का निर्वहन किया जाएगा। शहरों में कई जगह होलिका दहन के बड़े आयोजन होते हैं, जहां काफी संख्या में भीड़ इकठ्ठा होती है।
By Arvind Dubey
Publish Date: Thu, 13 Mar 2025 07:35:05 AM (IST)
Updated Date: Thu, 13 Mar 2025 09:17:01 PM (IST)
HighLights
- रात 11.26 से 12.26 बजे तक होलिका दहन का मुहूर्त
- होलिका दहन के साथ ही होलाष्टक भी समाप्त हो जाएंगे
- आठ दिन पूर्व यानी सात मार्च से होलाष्टक प्रारंभ हुए थे
धर्म डेस्क, इंदौर। फाल्गुन शुक्ल पूर्णिमा तिथि पर 13 मार्च को होलिका दहन होगा। इस बार पूर्णिमा तिथि की शुरुआत होते ही सुबह 10.35 बजे से भद्रा प्रारंभ हो जाएगी, इसका असर रात 11.26 बजे तक रहेगा। इसके बाद ही होलिका दहन करना शुभ रहेगा। गुरुवार को रात 11.26 से रात 12.26 बजे तक होलिका दहन के लिए श्रेष्ठ समय बताया गया है।
वहीं 14 मार्च शुक्रवार को धुलेंडी पर्व के मौके पर देश का हर शहर रंगों से सराबोर होगा। मध्य प्रदेश में ग्वालियर के सराफा बाजार में सबसे बड़ी होली सहित करीब 800 स्थानों पर होलिका दहन होगा। होलिका दहन के साथ ही होलाष्टक भी समाप्त हो जाएंगे। आज से आठ दिन पूर्व यानी सात मार्च से होलाष्टक प्रारंभ हुए थे।

आज शाम से अगले 36 घंटे तक सड़कों पर रहेगी पुलिस
- गुरुवार रात को होलिका दहन किया जाएगा। कई जगह होलिका दहन के बड़े आयोजन होते हैं। जहां काफी संख्या में भीड़ इकठ्ठी होती है। होलिका दहन से पहले चौराहों से लेकर बड़े आयोजनों के आसपास पुलिस फोर्स तैनात हो जाएगी।
- गुरुवार शाम से अगले 36 घंटे तक अब पुलिस सड़कों पर ही रहेगी। होलिका दहन के अगले दिन होली खेली जाएगी। कहीं भी अप्रिय स्थिति न बने, इसके चलते पुलिस अधिकारी फोर्स के साथ पेट्रोलिंग करेंगे।
- शुक्रवार को जुमे की नमाज भी है। इसके चलते कुछ संवेदनशील इलाके चिन्हित किए गए हैं। जहां गुरुवार रात से ही पेट्रोलिंग शुरू कर दी जाएगी। हालांकि इससे पहले पुलिस ने ऐसे संवेदनशील इलाकों में जाकर बैठक भी की।
पुलिस ने किया फ्लैग मार्च, रात में नशेड़ियों पर चलाया डंडा
मध्य प्रदेश के ग्वालियर से खबर है कि पुलिस ने बुधवार शाम को शहर के प्रमुख क्षेत्रों में फ्लै मार्च किया। सभी सीएसपी, थाना प्रभारी फोर्स के साथ सड़कों पर उतरे। एक साथ इनती संख्या में पुलिस देखकर लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा। फ्लैग मार्च निकालने के बाद चौराहों पर वाहनों की चेकिंग शुरू की गई। रात में नशेड़ियों पर पुलिस ने डंडा चलाया। शराब की दुकानों के आसपास खुले में शराबखोरी करने वाले 13 वाहन चालकों को पकड़ा गया।

यहां भी क्लिक करें – होलिका दहन पर क्या करें… पढ़ें शुभ मुहूर्त, विधि, मंत्र और कथा
ब्रीथ एनालाइजर से होगी जांच…ताकि नशे में न हो अपराध
ब्रीथ एनालाइजर से गुरुवार शाम से ही शहर के चौराहों पर जांच शुरू हो जाएगी। जो वाहन चालक नशे में गाड़ी चलाते पाए जाएंगे, उनके वाहन जब्त किए जाएंगे। इन पर कोर्ट से ही चालान बनवाया जाएगा। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि नशे में सबसे ज्यादा अपराध होता है। होली पर नशे में लोग हंगामा करते हैं, ऐसे नशेड़ियों को हवालात में भेजा जाएगा।







