मुनिश्री प्रमाण सागर महाराज ने गोद की संतान को तो प्रेम करते हो, जरा-सी खरोंच भी लग जाए तो दुनिया सिर पर उठा लेते हो और कोख में पलने वाले की हत्या…? यह एक जघन्य अपराध है।
By Arvind Dubey
Publish Date: Wed, 04 Dec 2024 02:53:31 PM (IST)
Updated Date: Wed, 04 Dec 2024 02:53:31 PM (IST)
HighLights
- इंदौर में हो रहा पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महामहोत्सव
- दूसरे दिन मना गर्भकल्याणक उत्तरार्ध महोत्सव
- मातृ शक्तियों को गर्भपात न कराने का संकल्प दिलाया
नईदुनिया, इंदौर। ‘गर्भपात जैसा कुकृत्य वर्तमान में आम होता जा रहा है। कहां तो हम गर्भकल्याणक मनाने की बात कर रहे हैं, वहीं गर्भपात जैसी क्रूर क्रियाएं हो रही हैं। यह कोई ऑपरेशन नहीं है, बल्कि एक जघन्य पाप है, जीवित इंसान की हत्या है। यह हत्या तुम्हारे वंश की, तुम्हारे मातृत्व की है। धर्म के क्षेत्र में आप धार्मिक क्रियाएं न भी करो तो कोई बात नहीं, लेकिन इस प्रकार के अधर्म करने से बचो।’
उक्त विचार मुनिश्री प्रमाण सागर महाराज ने मध्य प्रदेश के इंदौर में व्यक्त किए। उनके सान्निध्य में वैभव नगर में पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महामहोत्सव के दूसरे दिन गर्भकल्याणक उत्तरार्ध महोत्सव मनाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या समाजजन मौजूद थे।

मातृ शक्तियों को गर्भपात न कराने का संकल्प दिलाया
मुनिश्री ने मातृ शक्तियों को गर्भपात न कराने का संकल्प दिलाया। मुनिश्री ने एक मां की वेदना को सुनाते हुए कहा कि जिस बच्चे को आप अपने पेट में मारने जा रहे हो, यह एक ऐसा कुकृत्य है, जो आपको भविष्य में मां बनने से ही वंचित कर सकता है।
मुनिश्री ने कहा कि यदि आपको संतान ही नहीं चाहिए थी, तो बीज क्यों बोया। और यदि बोया है तो खुशी-खुशी उस जीव को स्वीकार करो। यदि आपने भ्रूण हत्या या गर्भपात जैसा कोई भी कुकृत्य किया तो वह आपको कहीं का भी नहीं छोड़ेगा।
कल्याण का मार्ग खुद ही खोजना होगा
इस दौरान मुनिश्री निर्वेगसागर महाराज ने कहा कि किसी के कहने से हमारा कल्याण नहीं हो सकता। जैसे आईना देखकर हम अपने दाग मिटाते हैं, ऐसे ही तीर्थंकर भगवान की मूर्ति को देखकर हमें अंदर की कलुषता को मिटाना होगा। भगवान तो एक निमित्त मात्र हैं, हमें अपने कल्याण का मार्ग स्वयं प्रशस्त करना होगा। इस अवसर पर मुनिश्री संधान सागर महाराज और सभी क्षुल्लक मंचासीन रहे।

धर्म प्रभावना समिति प्रचार प्रमुख राहुल जैन ने बताया कि गर्भकल्याणक महोत्सव में सुबह के सत्र में अभिषेक, पूजन, गर्भ कल्याण पूजन व हवन क्रम चला। दोपहर एक बजे घटयात्रा कार्यक्रम स्थल से नवीन गोकुल नगर जिनालय तक निकाली गई।
दोपहर में माता मरूदेवी की गोद भराई और रात 8.30 बजे गर्भ कल्याणक का उत्तर रूप महाराजा नाभिराय दरबार, स्वप्न फलादेश, गीत नृत्य, तत्व चर्चा, 56 कुमारियों द्वारा भेंट समर्पण एवं प्रश्नोत्तरी के कार्यक्रम संपन्न हुए।







