वृंदावन में वास कर रहे धर्म गुरु प्रेमानंद महाराज का एक और वीडियो सामने आया है। इसमें Premanand Maharaj मध्य प्रदेश में बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से आए भस्म रमैया भक्त मंडल की झांझ-डमरू की प्रस्तुति दे रहे हैं। उन्होंने अपने शिव प्रिय वाद्य वादकों का पादुका उतारकर प्रणाम करते हुए सम्मान किया।
By Arvind Dubey
Publish Date: Sat, 07 Dec 2024 11:46:00 AM (IST)
Updated Date: Sat, 07 Dec 2024 02:55:44 PM (IST)
HighLights
- बिहारी पंचमी पर वृंदावन में हुआ विशेष आयोजन
- मंगल ध्वनि के साथ मना बांके बिहारी का जन्मोत्सव
- धर्मयात्रा के दौरान प्रस्तुति, वृंदावन वासी भी हुए मुग्ध
नईदुनिया, वृंदावन/उज्जैन। बिहारी पंचमी पर शुक्रवार को वृंदावन में भगवान बांके बिहारी के जन्मोत्सव पर उज्जैन के भस्म रमैया भक्त मंडल द्वारा झांझ डमरू की प्रस्तुति दी गई। शिव प्रिय वाद्यों की मंगल ध्वनि सुनकर वृंदावन वासी मुग्ध हो गए।
इस मौके पर वहां उपस्थित प्रेमानंद जी महाराज (Premanand Ji Maharaj) ने पादुका उतार कर वादकों को प्रणाम किया। मंडल की ओर से प्रेमानंद जी महाराज को भगवान महाकाल का चित्र भेंट किया गया, जिसे उन्होंने शिरोधार्य किया।

बांके बिहारी मंदिर के पुजारियों ने किया नृत्य
- भस्म रमैया भक्त मंडल के संस्थापक प्रवीण मादुस्कर ने बताया कि बांके बिहारी के प्राकट्योत्सव पर प्रस्तुति देने के लिए मंडल को वृंदावन आमंत्रित किया गया था। करीब 100 सदस्यों का दल दो दिन पहले वृंदावन के लिए रवाना हुआ था।
- शुक्रवार को निधिवन से बांके बिहारी मंदिर तक स्वामी हरिदास जी की सवारी निकाली गई। हरिदास जी चांदी की पालकी में सवार होकर बांके बिहारी मंदिर पहुंचे। इस धर्मयात्रा में भक्त मंडल द्वारा विशेष प्रस्तुति दी गई।
- जिस मार्ग से कारवां गुजरा वृंदावन वासी झांझ डमरू की मंगल ध्वनि सुनकर झूम उठे। बांके बिहारी मंदिर के पुजारियों ने भी मंगल ध्वनि पर नृत्य किया। इसके बाद दल के सदस्य प्रेमानंद जी महाराज का आशीर्वाद लेने उनके आश्रम पहुंचे।
यहां भी क्लिक करें: ‘सपने में आते हैं मर चुके लोग, तो क्या हैं संकेत’… प्रेमानंद जी महाराज ने बताया

प्रेमानंद जी महाराज भी हुए सम्मोहित
सदस्यों ने प्रेमानंद जी महाराज के समक्ष जैसे ही प्रस्तुति की शुरुआत की, वे सम्मोहित होकर ठिठक गए। उन्होंने अपने शिव प्रिय वाद्य वादकों का पादुका उतारकर प्रणाम करते हुए सम्मान किया। मंडल के सदस्यों ने प्रेमानंदजी महाराज को भगवान महाकाल का चित्र भेंट किया। भक्त मंडल द्वारा जन्म स्थली मथुरा में भी प्रस्तुति दी गई।







