मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित जेयू के अटल सभागार में आईएमए के आह्वान पर बीइंग लाइट पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य वक्त थीं इंटरनेशनल मोटिवेशनल स्पीकर बीके शिवानी दीदी। साथ ही न्यायमूर्ति अहलूवालिया और न्यायमूर्ति आनंद पाठक ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
By Arvind Dubey
Publish Date: Thu, 05 Dec 2024 06:40:00 AM (IST)
Updated Date: Thu, 05 Dec 2024 06:40:00 AM (IST)
HighLights
- भावनात्मक सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन
- शिवानी दीदी बोलीं- दूसरे क्या कर रहे हैं, चिंता न करें
- एप्रिशिएट कीजिए, तारीफ करने से काम सुधरता है
नईदुनिया, ग्वालियर। ‘हमारी सोच यह रहती है कि दूसरे क्या करते हैं वही करेंगे, जो अलग है। जबकि हमें वही करना है जो सही है। दूसरे क्या कर रहे हैं, उसकी चिंता नहीं करनी है। व्यक्ति को एप्रिशिएट कीजिए, फिर उसके काम को देखिए। अगर हम उसके काम में कमी निकालेंगे तो वह ठीक नहीं है।’
यह बात इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के आह्वान पर आयोजित हुए बीइंग लाइट प्रोजेक्ट के तहत भावनात्मक सशक्तिकरण कार्यक्रम में इंटरनेशनल मोटिवेशनल स्पीकर बीके शिवानी दीदी ने कही।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के आह्वान पर जीवाजी यूनिवर्सिटी के अटल बिहारी वाजपेयी इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में मंगलवार को बीइंग लाइट (भावनात्मक सशक्तिकरण) पर कार्यक्रम आयोजित हुआ।

पहले काम की सराहना करें, फिर कमियां बताएं
- शिवानी दीदी ने कहा, ‘पहले सामने वाले इनसान के काम की सराहना कीजिए, फिर उसके काम में जो कमी है उसे दूर कराइए। ऐसा करने से तनाव दूर होगा। सुबह उठकर और सोने से पहले सभी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करें।
- उन्होंने आगे कहा, जो मदद कर रहे हैं, उनका भी और जो हमारे साथ बुरा कर रहे हैं, उनको भी धन्यवाद दें। फिर देखिए कि आपका दिन कितना बेहतर हो जाएगा। आप अंदर से खुद को प्रफुल्लित महसूस करेंगे।
- शिवानी दीदी ने आगे कहा कि जीवन में सब कुछ परफेक्ट चल रहा है, फिर यह क्यों लगता है कि सब कुछ अच्छा नहीं चल रहा है, फिर खुशी क्यों नहीं महसूस हो रही? इसका कारण यह है कि सारा दिन ऐसे कर्म करिए कि दुआएं कमाते जाएं।
तनाव नहीं लेने से पॉजिटिव रिजल्ट मिले
न्यायमूर्ति अहलूवालिया ने कहा कि भगवान की इच्छा के बगैर एक पत्ता भी नहीं हिल सकता, लेकिन तनाव लेते समय हम इस बात को भूल जाते हैं। जिंदगी में मैंने कभी तनाव नहीं लिया, इसके मुझे पॉजिटिव रिजल्ट देखने को मिले हैं।
.jpg)
कुछ को याद रखना तो कुछ को भूलना भी अच्छा रहता है
न्यायमूर्ति आनंद पाठक ने कहा कि जीवन में हम जितना हल्का रहेंगे, उतना ही अच्छा रहेगा। यदि आप अध्यात्म को नहीं समझेंगे तो खुशी और आनंद में गफलत कर देंगे। आदमी आनंद प्राप्त करना चाहता है, लेकिन हम खुशी की ओर मुड़ जाते हैं। जीवन में हमें कुछ चीजें याद रखना चाहिए और कुछ भूल भी जाना चाहिए।
कार्यक्रम की रूपरेखा आइएमए अध्यक्ष डा बृजेश सिंघल ने बताई। कार्यक्रम में इन्होंने लिया भाग कार्यक्रम में न्यायमूर्ति मिलिंद रमेश फड़के, न्यायमूर्ति अनिल वर्मा, न्यायमूर्ति सुनीता यादव, न्यायमूर्ति आरसी वरसानी, न्यायमूर्ति राजेन्द्र कुमार वानी, संभागायुक्त मनोज खत्री, कलेक्टर रुचिका चौहान, निगमायुक्त अमन वैष्णव, आइजी अरविंद सक्सेना, आइजी सुशांत सक्सेना, जीआरएमसी डीन डा.आरकेएस धाकड़, पीपुल्स मेडिकल कालेज के डीन डा. राजेश गौर, स्टेट आइएमए के पूर्व अध्यक्ष डा.कौल, डा.अशोक मिश्रा, डा.एएस भल्ला, डा. मुकुल तिवारी, इनकम टैक्स के डिप्टी कमिश्नर राकेश कुमार सहित कई बिजनेसमैन, स्कूल प्राचार्य और सैकड़ों की संख्या में सीनियर डाक्टर मौजूद थे।
इसमें मुख्य अतिथि इंटरनेशनल मोटिवेशनल स्पीकर बीके शिवानी दीदी, विशिष्ट अतिथि प्रशासनिक न्यायाधीश न्यायमूर्ति आनंद पाठक व न्यायमूर्ति जी.एस अहलूवालिया सहित आईएमए अध्यक्ष डा. बृजेश सिंघल और सचिव डा. स्नेहलता दुबे मंचासीन थे।







