खेल डेस्क। हेनरी निकोल्स ( नाबाद113 रन) और ग्लेन फिलिप्स (नाबाद 94 रन) की शानदार पारियों के दम पर न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के पहले दिन 5 विकेट पर 243 रन बनाए। सुबह पहले सेशन में भारतीय तेज गेंदबाजों का दबदबा रहा।
कीवी टीम ने एक समय 70 रन पर ही अपने पांच विकेट गंवा दिए। इसके बाद न्यूजीलैंड के बैटर्स ने वापसी की। हेनरी निकोल्स और ग्लेन फिलिप्स के बीच 173 रन की साझेदारी हो चुकी है। जसप्रीत बुमराह ने भारत की ओर से तीन विकेट झटके। जसप्रीत बुमराह ने टॉम ब्लंडेल (5 रन), टॉम लैथम (जीरो) और डेरिल मिचेल (एक रन) को आउट किया।आकाशदीप ने रचिन रवींद्र (15 रन) और अंशुल कंबोज ने डेवोन कॉन्वे के विकेट लिए। हेनरी निकोल्स ने 188 बॉल में अपना शतक पूरा किया।
ये वेलिंग्टन में खेली गई 15 टेस्ट पारियों में उनका पांचवां शतक है। वेलिंग्टन में निकोल्स ने 11 टेस्ट मैचों में पांच शतक और 4 अर्धशतक लगाए हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ पहली बार इतनी बड़ी पारी खेली है। इससे पहले तक निकोल्स ने भारत के खिलाफ 10 पारियों में केवल 122 रन बनाए थे।
इन दिग्गजों के क्लब में शामिल हुए निकोल्स
इस शतकीय पारी के दम पर निकोल्स ने अपना दिग्गजों की सूची में शामिल कर लिया है। वह वेलिंग्टन में पांच शतक लगाने वाले न्यूजीलैंड के तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले मार्टिन क्रो और केन विलियमसन ऐसा कर चुके हैं। आपको बता दें कि न्यूजीलैंड के एक ही वेन्यू पर सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज केन विलियमसन के नाम दर्ज हैं, जिन्होंने हेमिल्टन में 7 शतक लगाए हैं।
PC: cricinfo







