पंजाबी समुदाय में खुशी की लहर
वैंकूवर (मलकीत सिंह)।अभिनेता धर्मेंद्र के गांव नसराली (लुधियाना) से संबंधित पंजाबी मूल के नौजवान वकील ने कनाडा में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए जज बनकर पंजाबी समुदाय का नाम रोशन किया है। विक्रमजीत औजला नाम के इस होनहार नौजवान को ओंटारियो कोर्ट ऑफ जस्टिस में जज नियुक्त किया गया है।
जानकारी मुताबिक औजला परिवार साल 1976 में पंजाब से कनाडा आ बसा था। विक्रमजीत औजला की परवरिश और पढ़ाई भी कनाडा में ही हुई। कानून की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह लंबे समय से कानूनी क्षेत्र में सेवाएं निभा रहे थे। उनकी नियुक्ति को कनाडा में बसे पंजाबी समुदाय के लिए मान वाली उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। इससे पहले क्राउन अटॉर्नी के तौर पर भी सेवा निभा चुके हैं।
उनकी इस नियुक्ति के बाद पंजाब और कनाडा दोनों जगह खुशी का माहौल है। सोशल मीडिया पर भी पंजाबी समुदाय की ओर से उन्हें बधाइयां दी जा रही हैं। कई लोगों ने इसे नौजवान पीढ़ी के लिए प्रेरणा बताया है कि मेहनत और लगन से विदेशों में भी बड़े पद हासिल किए जा सकते हैं।







