Parmarth TV
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आज पाली में आगामी नगर निकाय चुनाव-2026 के दृष्टिगत आयोजित संगठनात्मक बैठक को संबोधित कर चुनावी रणनीति एवं कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की।

इस बात की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से दी है। सीएम ने एक्स के माध्यम से कहा कि हमारी सरकार पाली सहित संपूर्ण प्रदेश के नगरों को आधुनिक बुनियादी ढांचे, उन्नत नागरिक सुविधाओं और सुशासन का सशक्त केंद्र बनाने के लिए पूर्णतः संकल्पित है। हमारा ध्येय शहरी क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक तक विकास की अंतिम कड़ी को पहुंचाना और जन-आकांक्षाओं के अनुरूप समृद्ध, स्वच्छ व आत्मनिर्भर शहरों का निर्माण करना है।

सीएम ने कहा कि कर्मठ कार्यकर्ताओं का अथक परिश्रम और प्रदेश की जनता का अटूट विश्वास ही हमारी वास्तविक शक्ति है। पूर्ण विश्वास है कि कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और जनता-जनार्दन के आशीर्वाद से आगामी निकाय चुनावों में भाजपा को ऐतिहासिक जनादेश प्राप्त होगा और राजस्थान के नगरीय विकास का स्वर्णिम अध्याय लिखा जाएगा। बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, सम्मानित जनप्रतिनिधि एवं निष्ठावान कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
PC: X
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें
Parmarth TV







