Parmarth TV
जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा पर नगरीय निकाय चुनावों में हार के भय से पार्टी और सरकारी मशीनरी के सभी तंत्र सक्रिय किए जाने का आरोप लगाया है।
गहलोत ने इस संबंध में आज एक्स के माध्यम से कहा कि नगरीय निकाय चुनावों में हार के भय से भाजपा ने पार्टी और सरकारी मशीनरी के सभी तंत्र सक्रिय कर दिए हैं। भाजपा के केन्द्रीय संगठन महामंत्री, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों के मंत्री और विधायक राजस्थान में डेरा डाले हुए हैं। मुख्यमंत्री भी बड़े शहरों में रोड शो कर रहे हैं। सरकारी मशीनरी से विपक्षी उम्मीदवारों को धमकाया जा रहा है। अगर भाजपा सरकार ने ढाई साल में कुछ काम किया होता तो यह सब करने की आवश्यकता ही नहीं पड़ती।
अब तक पार्षद चुनाव के नतीजे आने के दो-तीन दिन में मेयर और चेयरमैन का चुनाव हो जाता था परन्तु इस बार सात दिन का समय दिया गया है जिससे सत्तारूढ़ दल खरीद-फरोख्त कर सके। भाजपा अपनी जीत के प्रयास में सभी अलोकतांत्रिक तौर तरीके अपना रही है।
गहलोत ने कहा कि आम जनता चुनावों में भाजपा से पूछ रही है कि शहरों के ढाई साल में किया गया कोई काम तो बता दीजिए। कांग्रेस सरकार ने जनता को राहत देते हुए पांच साल में 10 लाख से अधिक पट्टे देकर संपत्ति का मालिकाना हक दिया। भाजपा सरकार ने ढाई साल में कितने पट्टे दिए? शहरों में सड़कों की, ट्रैफिक जाम की क्या स्थिति है?
इस कार्यकाल में कितने फ्लाई ओवर, अंडरपास ऐसे बने हैं जिनका काम भाजपा सरकार में शुरू होकर पूरा हो गया? शहरों में बारिश का पानी क्यों भर रहा है, समय पर नालों की सफाई क्यों नहीं हुई? रोजमर्रा की सफाई क्यों नहीं हो पा रही? सफाईकर्मियों की भर्ती क्यों अटकी हुई है? मुख्यमंत्री जी को अपने रोड शो में जवाब देना चाहिए कि शहरों के लिए उनकी सरकार ने ढाई साल में कौनसा काम किया?
PC: X
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें
Parmarth TV







