Parmarth TV
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय विदेश नीति को लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से बड़ी बात कही है। सीएम ने आज इस संबंध में एक्स के माध्यम से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत की विदेश नीति में अभूतपूर्व बदलाव आया है। वसुधैव कुटुंबकम के शाश्वत विचार को आत्मसात कर, भारत आज वैश्विक पटल पर नई और सुदृढ़ पहचान के साथ अपनी आवाज बुलंद कर रहा है।
सीएम भजनलाल ने कहा कि आज भारत दुनिया के लिए किसी भी संकट के समय सबसे पहला और सबसे भरोसेमंद साथी बन चुका है। जी20 प्रेसिडेंसी के दौरान शत-प्रतिशत सहमति के साथ 'नई दिल्ली घोषणापत्र' जारी करना हो, या फिर 125 से अधिक देशों की आवाज बनकर 'Voice of Global South' को सशक्त मंच देना। भारत आज वैश्विक नीतियों की दिशा तय कर रहा है। 'एक्ट ईस्ट पॉलिसी' से लेकर 'इंडो-पैसिफिक' क्षेत्र तक हमारी रणनीतिक उपस्थिति पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है।
हर बड़े वैश्विक संकट के समाधान के लिए आज दुनिया भारत की ओर अग्रसर
मुख्यमंत्री भजनलाल ने कहा कि विश्व के विभिन्न देशों द्वारा प्रधानमंत्री को दिए गए 33 सर्वोच्च नागरिक सम्मान, वास्तव में 140 करोड़ भारतीयों के सामर्थ्य, पुरुषार्थ और सम्मान का प्रतीक हैं। आज वैश्विक मंचों पर भारत की बात सिर्फ सुनी नहीं जाती, बल्कि पूरी गंभीरता से मानी भी जाती है। हर बड़े वैश्विक संकट के समाधान के लिए आज दुनिया भारत की ओर अग्रसर है। भारत की यह गूंज, हम सभी देशवासियों के लिए परम गौरव का विषय है।
PC:dipr.rajasthan
अपडेट खबरों के लिए हमारावॉट्सएप चैनलफोलो करें
Parmarth TV







