Parmarth TV
जयपुर। नागाैर सांसद हनुमान बेनीवाल ने अब बाड़मेर जिले के बायतु उपखंड में जांदुओं की ढाणी निवासी रावताराम कड़वासरा एवं उनकी धर्मपत्नी की करंट फैलने से असामयिक निधन पर दुख प्रकट किया है। उन्होंने इस घटना के लिए विद्युत विभाग की लापरवाही को जिम्मेदारी बताया है।
आरएलपी प्रमुख हनुमान बेनीवाल ने आज एक्स के माध्यम से कहा कि बाड़मेर जिले के बायतु उपखंड में जांदुओं की ढाणी निवासी रावताराम कड़वासरा एवं उनकी धर्मपत्नी वीरों देवी का विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते पशु बाड़े में करंट फैलने से असामयिक निधन अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। इस दुःखद घटना से मन व्यथित है। शोकाकुल परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।
आरएलपी सांसद बेनीवाल ने इस संबंध में आगे कहा कि इस घटना के संबंध में संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर मामले की जानकारी ली है तथा घटना की जांच करवाने, जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं।
जिम्मेदार अधिकारियों पर जवाबदेही तय करना आवश्यक
बेनीवाल ने कहा कि आखिर कब तक विद्युत विभाग की लापरवाही आमजन की जान लेती रहेगी? ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विद्युत तंत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करना और जिम्मेदार अधिकारियों पर जवाबदेही तय करना आवश्यक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति दें।
PC: navbharattimes.indiatimes
Parmarth TV






