Parmarth TV
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान की 273 निकायों में महापौर, सभापति और अध्यक्ष पद के लिए आज सुबह 10 बजे से मतदान शुरू हुआ। दोपहर 2 बजे तक मतदान जारी रहेगा। 305 निकायों में से 32 में प्रमुख निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। मतदान के दौरान आज श्रीगंगानगर, सीकर, अजमेर और दौसा समेत कई स्थानों पर हंगामा भी हुआ है।
वहीं तिजारा में कांग्रेस के 18 पार्षदों को कथित तौर पर गायब किए जाने के आरोप लगे हैं। इसक बाद यहां पर बवाल बढ़ गया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से यहां तिजारा थाने के पास मुख्य सड़क जाम किए जाने की खबर आई है। कार्यकर्ताओं ने पार्षदों को वापस लाने के साथ चुनाव रद्द करने की मांग की है।
इस संबंध में विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने एक्स के माध्यम से बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी, जनता ने नकार दिया तो क्या अब पुलिस से जनादेश बदलवाओगे? तिजारा में बोर्ड बनाने के लिए भाजपा इस कदर गिर चुकी है कि हरियाणा पुलिस द्वारा रात से जनता द्वारा चुने हुए कांग्रेस पार्षदों को दादागीरी से डिटेन किया हुआ है। कांग्रेस के पार्षदों को बंधक बनाकर चंडीगढ़ के जंगलों में ले जाया गया है, पूर्व विधायक संदीप यादव को 7 घंटों तक हरियाणा पुलिस द्वारा डिटेन करके रखा गयाl भाजपा जनता के जनादेश में हार चुकी है और अपनी हार की बौखलाहट में प्रदेश और पड़ोसी प्रदेशों की पुलिस और प्रशासन को आगे कर लोकतंत्र का चीरहरण कर रही है।
जनता के जनादेश पर खुला कब्जा
उन्होंने कहा कि जनादेश को लूटने का ऐसा उदाहरण कहीं नहीं मिलेगा। जनता द्वारा चुने हुए पार्षदों को पुलिस के दम पर रोकना, डिटेन करना और बंधक बनाना, यह चुनाव नहीं, जनता के जनादेश पर खुला कब्जा है। मुख्यमंत्री जी, कितने पार्षदों को रोकोगे? कितनों को डिटेन करवाओगे? कितनों पर दबाव बनवाओगे? और कब तक सरकारी तंत्र को कुर्सी बचाने का औजार बनाओगे?
PC: abplive
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें
Parmarth TV







