Parmarth TV
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान के बहुचर्चित फोन टैपिंग केस के मामले में प्रदेश के पूर्व सीएम अशोक गहलोत की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इस संबंध में अब बड़ी खबर आई है। खबर ये है कि अशोक गहलोत के पूर्व ओएसडी लोकेश शर्मा अब इस मामले में सरकारी गवाह बन गए हैं। पूर्व ओएसडी लोकेश शर्मा की इस संबंध में एक याचिका को पटियाला हाउस कोर्ट ने मंजूर कर लिया है।
खबरों के अनुसार मामले में आरोपी लोकेश शर्मा की ओर से सरकारी गवाह बनने के लिए पटियाला हाउस कोर्ट में याचिका दायर की गई थी, जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया है। एडवोकेट रोहन वाधवा की ओर से दायर इस याचिका को स्वीकार कर लिया है। कोर्ट के इस कदम के बाद राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
पूर्व ओएसडी लोकेश शर्मा ने एक बार फिर से बिना नाम लिए पूर्व सीएम अशोक गहलोत पर निशाना साधा है। लोकेश शर्मा ने एक्स के माध्यम से कहा कि जब लड़ाई है सच्चाई की तो, सत्य, तथ्य और हकीकत को सामने लाया जाए। किसी और के किए का दोष क्यों ढोया जाए, अब असल किरदारों से नकाब उतारा जाए।
गजेंद्र सिंह शेखावत ने दर्ज करवाया था ये मामला
गौरतलब है कि मोदी सरकार में संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने इस संबंध में दिल्ली पुलिस में मामला दर्ज करवाया था। दिल्ली पुलिस ने लोकेश शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया। लोकेश शर्मा फोन टैपिंग की सीडी मीडिया में लीक करने के आरोपी है। क्राइम ब्रांच की ओर से अब बहुचर्चित फोन टैपिंग केस के मामले की जांच की जा रही है।
PC:ndtv
अपडेट खबरों के लिए हमारावॉट्सएप चैनलफोलो करें
Parmarth TV







