Parmarth TV
जयपुर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जयपुर जिले में द्वितीय चरण में पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए होने वाले चुनाव में 247 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे। वहीं तृतीय चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने इस बात की जानकारी दी है।
संदेश नायक ने बताया कि दूसरे चरण में पांच पंचायत समितियों के कुल 81 वार्डों के लिए 347 अभ्यर्थियों ने कुल 371 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। संवीक्षा के बाद 93 नामांकन पत्र अस्वीकृत तथा 5 नामांकन पत्र डिस्कार्ड किए गए। इसके बाद 273 वैध अभ्यर्थियों में से 26 अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिया। इस प्रकार नाम वापसी के बाद कुल 247 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। पंचायत समिति अमरसर में 49, आमेर में 66, जालसू में 49, रामपुरा डाबड़ी में 41 तथा शाहपुरा में 42 अभ्यर्थी चुनाव लड़ेंगे।
द्वितीय चरण में पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान दलों का प्रस्थान 27 अक्टूबर को होगा तथा मतदान 28 अक्टूबर 2026 को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक आयोजित किया जाएगा। पंच एवं सरपंच पदों के लिए नामांकन 29 अक्टूबर को होंगे तथा मतदान 30 अक्टूबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक होगा। उपसरपंच का चुनाव 31 अक्टूबर को होगा।
तृतीय चरण में पंचायत समितियों के लिए होगा मतदान
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि तृतीय चरण में चाकसू, कोटखावदा, माधोराजपुरा, फागी एवं सांगानेर पंचायत समितियों के कुल 77 वार्डों में पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए निर्वाचन होना है। नामांकन के पहले दिन चाकसू पंचायत समिति में 2 अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए, जबकि शेष चार पंचायत समितियों में कोई नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ।
PC: navbharatlive
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें
Parmarth TV







