इंटरनेट डेस्क। उत्तर प्रदेश और बिहार सहित कई राज्यों में इन दिनों बारिश लोगों पर कहर ढा रही है। बारिश के कारण कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों से लेकर यूपी, बिहार, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई इलाकों तक आज भी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने का भी खतरा है। मौसम विभाग के अनुसार, आज हिमाचल प्रदेश, पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों, तमिलनाडु, केरल और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश की संभावना है।
वहीं राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान में भी मौसम बदल चुका है। राजधानी जयपुर में सोमवार शाम मूसलाधार बारिश हुई। कई इलाकों में ओले गिरे। श्रीगंगानगर के पदमपुर के आसपास सोमवार दोपहर में बवंडर आया। पश्चिमी विक्षोभ के असर से आज भी कई इलाकों में मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से आज प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघगर्जन और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान के इन तीन संभागों में हो सकती है बारिश
आज तीन संभागों अजमेर, जयपुर और भरतपुर कहीं-कहीं बौछारें पड़ सकती हैं। बीकानेर संभाग में भी नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से स्थानीय स्तर पर बारिश और तेज हवा की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। विभाग ने प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं तापमान सबसे अधिक 39.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान फलोदी में दर्ज किया गया है।
PC: aajtak
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें






