जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अब प्रदेश में भजनलाल सरकार द्वारा स्कूलों के मर्ज करने को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने प्रदेश सरकार से राज्य में बिना किसी प्लानिंग के स्कूलों को बन्द करने की प्रक्रिया रोकने की मांग की है।
अशोक गहलोत ने इस संबंध में एक्स के माध्यम से कहा कि कांग्रेस सरकार के मेरे पहले कार्यकाल में मैंने राजीव गांधी स्वर्ण जयंती पाठशालाएं खोली थीं जिनका उद्देश्य था कि एक भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। कई बार ऐसी परिस्थितियां होती हैं कि नामांकन भले कम हो परन्तु उन विद्यालयों को जारी रखना आवश्यक होता है जैसे कहीं बड़ी कंस्ट्रक्शन साइट के पास मजदूरों के बच्चे पढ़ें या दो स्कूलों के बीच बड़ा हाईवे हो जिसे बच्चे पार न कर सकें।
राज्य सरकार को बिना किसी प्लानिंग के स्कूलों को बन्द करने की यह प्रक्रिया रोकनी चाहिए और स्थानीय जनता व जनप्रतिनिधियों से राय लेकर ही ऐसा कोई फैसला करना चाहिए।
भाजपा सरकार का सारा ध्यान सिर्फ प्रचार और फोटो शूट पर ही है
वहीं अशोक गहलोत ने एक खबर के आधार पर वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान को लेकर भी भजनलाल सरकार पर निशाना साधा है। अशोक गहलोत ने इस संबंध में एक्स के माध्यम से कहा कि आगाज ये है तो अंजाम क्या होगा?
भाजपा की सरकार का सारा ध्यान सिर्फ प्रचार और फोटो शूट पर ही है, ठोस काम करने की इनकी नीयत ही नहीं है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को ध्यान देना चाहिए कि यह मिशन सिर्फ मार्केटिंग भर रहकर ही न दम तोड़ दे और वास्तविकता में काम हो क्योंकि जिस प्रकार से केशवरायपाटन की खबर है लगता है कि यह सिर्फ औपचारिकता भर है।
PC: hindi.opindia
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें







