दीपावली के त्योहार पर लोग अपने घरों को सजाने में लगे हैं, बाजार में रंग-बिरंगी सजावट का सामान उपलब्ध है। मिट्टी के दीप, डिजाइनर मोमबत्तियां, और आर्टिफिशियल प्लांट्स घरों को रोशन और खूबसूरत बनाते हैं। इस आर्टिकल में 20 से अधिक ऐसे सामान के बारे में बताएंगे, जिससे आप अपने घर को आकर्षक बना सकते हैं।
By Neeraj Pandey
Publish Date: Thu, 24 Oct 2024 06:30:00 AM (IST)
Updated Date: Thu, 31 Oct 2024 01:00:53 AM (IST)
HighLights
- दीवार सजाने के लिए नई पेंटिंग्स, स्टीकर्स भी उपयोगी
- आर्टिफिशियल प्लांट्स से घर को मिलता है ग्रीन लुक
- गार्डन में पेड़ों पर लाइटिंग और स्ट्रिंग लाइट्स से सजाएं
Diwali Decoration Ideas: डिजिटल डेस्क, नईदुनिया। दीपावली के त्योहार पर लोग अपने घरों को सजाने में जुटे हैं। बाजार में रंग-बिरंगी सजावट का सामान, जैसे रंगोली, लाइट्स, और आर्टिफिशियल प्लांट्स उपलब्ध रहते हैं। इस साल भी सैलरी पहले ही मिलने वाली है, इसलिए लोग दिल खोलकर खरीदारी कर रहे हैं, लेकिन आप अब भी कन्फ्यूज हैं कि दीवाली पर घर कैसे सजाएंगे, तो हम आपके लिए लेकर आए हैं कुछ सजेशन।
अयोध्या का दीपोत्सव
दीवाली पर भगवान राम के स्वागत के लिए अयोध्या में दीपोत्सव मनाया जाता है और इस बार तो अयोध्या की दीवाली और भी खास है, क्योंकि राम मंदिर निर्माण के बाद पहली बार दीवाली मनाई जा रही है। इस दिन लोग घर की साफ-सफाई कर उसे सजाते हैं। नईदुनिया बाजार में उपलब्ध सजावट के सामान की जानकारी देकर लोगों को अपने घर सजाने में मदद कर रहा है।

मिट्टी के डिजाइनर दीप
दीपावली पर मिट्टी के दीप घर को रोशन करने का अच्छा विकल्प हैं। बाजार में मिट्टी और बिजली से जलने वाले दीप उपलब्ध हैं। इनकी कीमत 2 से 50 रुपये तक है। डिजाइनर लैंप भी खरीदे जा सकते हैं, जो 150 से 2000 रुपये तक मिलते हैं।
दीवार सजाने के उपाय
दीवाली पर दीवारों को सजाने के लिए चमकीली पेंटिंग और नए पर्दे उपयोगी हैं। घंटियां और शीशों से सजाए गए तोरण से प्रवेश द्वार को आकर्षक बनाया जा सकता है। विभिन्न आकार के दीपक और घंटियों को ऊंचाई पर लटकाकर शानदार क्लासिकल लुक दिया जा सकता है।

डिजाइनर मोमबत्तियां
दीपावली पर डिजाइनर मोमबत्तियां घर को रोशन करती हैं। इनकी कीमत 10 से 500 रुपये तक होती है। लोग मोमबत्तियों और सजावटी दीयों से अपने घर को सजाते हैं। फ्लोटिंग मोमबत्तियां लिविंग रूम में नया लुक देने का शानदार विकल्प हैं।

गार्डन की सजावट
गार्डन में पेड़ों पर लाइटिंग और स्ट्रिंग लाइट्स से सजाया जा सकता है। बाजार में कई तरह की कलरफुल झालर लाइट्स उपलब्ध होती हैं, वो आपके गार्डन और घर की सुंदरता में चार चांद लगा देंगी। दीवारों को फूल-पत्तियों से सजाकर मनमोहक वातावरण बनाया जा सकता है। कपड़े के लैंप और लालटेन से भी बगीचे को रोशन किया जा सकता है।

रंगोली का महत्व
दीपावली पर रंगोली बनाना पवित्रता का प्रतीक है। लोग ओम, स्वस्तिक और मंगल कलश की रंगोली बनाते हैं। 3डी रंगोली का केंद्र जले हुए दीये के साथ सजाया जा सकता है। फूलों की पत्तियों का उपयोग कर रंगोली की सुंदरता बढ़ाता है।
इनडोर पौधों से घर सजाएं
घर में लगे पौधे हवा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। गमलों में लगे पौधों की मिट्टी भी घर के अंदर की हवा को साफ करने में मदद कर सकती है। आप नर्सरी से तुलसी, एलोवेरा, अरेबिका कॉफ़ी, मनी प्लांट, कलंचो, जेड प्लांट, अंग्रेज़ी आइवी, कैक्टस, लाल एग्लोनिमा, शतावरी फ़र्न, पिलिया, स्नेक प्लांट, कैलेथिया,, शांति लिली, ब्रोमेलियाड, जैसे पौधे घर पर गमलों में लगा सकते हैं। इन पौधों में लाइटिंग घर की सुंदरता को चार चांद लगाएगी।

आर्टिफिशियल प्लांट्स की खरीदारी
घर को ग्रीन लुक देने के लिए आर्टिफिशियल प्लांट्स खरीद सकते हैं, ये ज्यादा मंहगे भी नहीं होते। इसकी कीमत 50 रुपये से शुरू होती है, जो 5000 रुपये के विदेशी प्लांट्स तक बाजार में आसानी से मिल जाएंगे। गुलाब की पंखुड़ियों और विदेशी पेड़ों की पत्तियों के साथ सजावट कर सकते हैं। इन प्लांट्स में कलरफुल लाइट लगाकर और भी आकर्षक बनाया जा सकता है।







