देश में 87 प्रतिशत पात्र लोगों के पास अभी टर्म प्लान नहीं है जिससे इस क्षेत्र में बड़ा अवसर है।
आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस कंपनी के मुख्य वितरण अधिकारी अमीश बैंकर ने गुरुवार को यहां एक प्रेस वार्ता से इतर समाचार एजेंसी ‘यूनीवार्ता’ को बताया कि एक अध्ययन के मुताबिक देश में टर्म प्लान के मामले में 16.5 लाख करोड़ डॉलर का गैप है। इस क्षेत्र में काफी बड़ा बाजार उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि देश में पात्र लोगों में से सिर्फ 13 प्रतिशत लोग टर्म प्लान लेते हैं। इसका मतलब है कि 87 प्रतिशत अब भी इसके दायरे से बाहर हैं। कंपनी अधिक से अधिक लोगों को इसके लिए जागरूक करने के लिए स्थानीय भाषाओं में अभियान चला रही है।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए श्री बैंकर ने कहा कि कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान दिल्ली में 100 प्रतिशत दावा निपटान अनुपात दर्ज किया। इस पहल से परिवारों को मुश्किल घड़ी में समय पर आर्थिक मदद मिली है। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में यहां सालाना आधार पर कारोबार 53.89 प्रतिशत बढ़ा है। केंद्र शासित प्रदेश में 31 मार्च 2026 तक कंपनी की प्रबंधनाधीन परिसंपत्ति (एयूएम) 18,427 करोड़ रुपये थी।
Also Read : रूस का यूक्रेन पर मिसाइल और ड्रोन से हमला
उन्होंने बताया कि कंपनी के लिए दिल्ली रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बाजार है। इस क्षेत्र में उल्लेखनीय तेजी नजर आ रही है। कंपनी की रणनीति ग्राहकों को भविष्य की योजना बनाने और उसे नियंत्रित करने में सहायक होने पर केंद्रित है।
मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में कंपनी का दावा निपटान अनुपात 99.3 प्रतिशत रहा, और पूरी कंपनी के स्तर पर बगैर जांच वाले व्यक्तिगत दावे के लिए औसत निपटान समय सिर्फ एक दिन था।
एक प्रश्न के उत्तर में श्री बैंकर ने कहा कि आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस का कारोबार मुख्यतः मेट्रो शहरों में है। अभी मझौले और छोटे शहरों में काफी अवसर हैं।
Pic Credit : ANI







