बैंकिंग और एफएमसीजी शेयरों में लिवाली के जोर तथा विदेशी संस्थागत निवेशकों के पूंजी प्रवाह के समर्थन से स्थानीय शेयर बाजार में पिछले सप्ताहांत की गिरावट के सोमवार को तेजी लौट आई और प्रमुख सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए। विश्लेषकों के अनुसार आईटी शेयरों में चुनिंदा लिवाली और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने से भी बाजार को बल मिला।
बीएसई का 30 प्रमुख शेयरों वाला सेंसेक्स 512.34 अंक (0.63 प्रतिशत) सुधर कर 82,104.79 अंक पर तथा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 भी 146.80 अंक (0.58 प्रतिशत) सुधर कर 25,291.10 पर बंद हुआ।
बीएसई आज तेजी की धारणा से 81,810.98 पर खुल कर दिन में ऊपर में 82,311.65 और नीचे में 81,762.82 पर तक गया । शुक्रवार को यह 81,592.45 पर बंद हुआ था। एनएसई 50 सुबह 25,206.15 पर खुल कर नीचे में 25,172.10 तक और ऊपर में 25,337.60 तक गया था। पिछले सप्ताहांत निफ्टी 25,144.30 पर बंद हुआ था।
सेंसेक्स के 30 में से 20 शेयर लाभ और 10 हानि में तथा निफ्टी के 50 में से 31 शेयर लाभ और 19 हानि में रहे। लाभ में रहे प्रमुख शेयरो में आईटीसी (3.78 प्रतिशत), भारती एयरटेल (2.16 प्रतिशत), एटर्नल (1.74 प्रतिशत), पावरग्रिड (1.69 प्रतिशत), एचडीएफसी बैंक (1.61 प्रतिशत), अल्ट्रा टेक सीमेंट (1.32 प्रतिशत) और एशियन पेंट्स 1.30 प्रतिशत लाभ में बंद हुआ।
टाइटन, कोटक बैंक, टेक महिंद्रा, एसबीआई, एनटीपीसी, हिंदुस्तान लीवर , एक्सिस बैंक , महिंद्रा एंड महिंद्रा , एचसीएल टेक और इन्फोसिस जैसे शेयर भी लाभ में रहे। घाटे में रहे शेयरों में टाटा स्टील (2.81 प्रतिशत), मारुति (2.36 प्रतिशत) और इंडिगो (1.14 प्रतिशत) प्रमुख हैं।
मिडकैप 100 में 0.5 प्रतिशत और स्मॉलकैप 100 में 1.1 प्रतिशत की गिरावट रही। निफ्टी एफएमसीजी में 1.9 प्रतिशत की तेजी आई। इस तेजी में आईटीसी का प्रमुख योगदान रहा, जिसके शेयर में 3 प्रतिशत से अधिक की बढ़त दर्ज की गई। कंपनी के दूसरी तिमाही के नतीजों के बाद नवंबर में अब तक आईटीसी का शेयर लगभग 11 प्रतिशत चढ़ चुका है।
इसके विपरीत, निफ्टी ऑटो में 1.3 प्रतिशत की गिरावट आई, जिसका मुख्य कारण टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के शेयर में कमजोरी रही। वहीं, मेटल और माइनिंग शेयरों में व्यापक मुनाफावसूली के चलते निफ्टी मेटल 1.5 प्रतिशत गिर गया।
Also Read : फॉर्म-6 भरने वालों पर नहीं चलेगा मुकदमा: चुनाव आयोग
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के अनुसंधान प्रभाग के प्रमुख ( वेल्थ मैनेजमेंट) सिद्धार्थ खेमका ने एक संक्षिप्त टिप्पणी में कहा भारतीय शेयर बाजार में सकारात्मक रुख बने रहने की संभावना है। विदेशी संस्थागत निवेशकों की लगातार खरीदारी और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से बाजार को समर्थन मिल सकता है। हालांकि, व्यापक बाजार में तेजी कुछ चुनिंदा शेयरों और सेक्टरों तक सीमित रह सकती है।
निवेशकों की नजर आज अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयरमैन के भाषण और कल जारी होने वाले अमेरिकी रिटेल सेल्स के आंकड़ों पर रहेगी। उन्होंने कहा कि विदेशी संस्थागत निवेशकों (ने नवंबर में अब तक लगभग 79,000 करोड़ रुपये की खरीदारी की है। केवल 10 कारोबारी सत्रों में हुई यह खरीदारी किसी भी महीने में अब तक की सबसे अधिक मासिक खरीदारी है।
आज जारी आंकड़ों के अनुसार अक्टूबर में देश में थोक मूल्य सूचकांक आधारित महंगाई दर बढ़कर सालाना आधार पर 12.29 प्रतिशत हो गई, जबकि सितंबर में यह 11.39 प्रतिशत थी। महंगाई में इस बढ़ोतरी की मुख्य वजह ईंधन और बिजली की कीमतों में वृद्धि रही, जो बाजार की तेजी को सीमित कर सकती है। अन्य सेक्टरों का प्रदर्शन मिला-जुला रहा।
श्री खेमका ने कहा कि वित्त मंत्री सीतारमण ने केंद्रीय बजट 2027-28 की तैयारियों के तहत अर्थशास्त्रियों के साथ पहली बजट-पूर्व परामर्श बैठक की है।उम्मीद है कि आगामी बजट में सरकार राजकोषीय घाटे को नियंत्रित करने के साथ-साथ पूंजीगत व्यय पर अपना ध्यान बनाए रखेगी। वित्त वर्ष 2027-28 के लिए राजकोषीय घाटे का लक्ष्य जीडीपी के 4.2 प्रतिशत से 4.3 प्रतिशत के दायरे में रहने की संभावना है, जबकि वित्त वर्ष 2026-27 के लिए इसका अनुमान 4.5 प्रतिशत है।
दूसरी तिमाही ) के नतीजों का सीजन मजबूत प्रदर्शन के साथ समाप्त हुआ। निफ्टी 50 कंपनियों का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 27 प्रतिशत बढ़ा, जो पिछले 17 तिमाहियों में सबसे अधिक वृद्धि है।
विश्लेषकों के अनुसार कुल मिलाकर, विदेशी निवेशकों की मजबूत खरीदारी, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और कंपनियों के बेहतर तिमाही नतीजों से भारतीय बाजार को समर्थन मिल रहा है। हालांकि, बढ़ती थोक महंगाई और वैश्विक आर्थिक संकेतों के कारण बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। ऐसे में निवेशकों को चुनिंदा शेयरों और मजबूत फंडामेंटल वाली कंपनियों पर ध्यान देना चाहिए।
Pic Credit : UNI







