Parmarth TV
जयपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने खाटूश्यामजी नगर पालिका में चुनाव परिणाम टालने को लेकर भजनलाल सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने इस संबंध में एक्स के माध्यम से कहा कि आखिर श्याम दरबार खाटूश्यामजी नगर पालिका में हार से घबराई भाजपा कब तक चुनाव परिणाम टालेगी? कल चेयरमैन पद के चुनाव में बीजेपी सरकार के इशारे पर 5 बार वोटिंग का समय बढ़ाया गया, रात 1 बजे चुनाव स्थगित कर दिया गया, मतपेटियां सील कर स्ट्रांग रूम में रखवा दी गईं… लेकिन परिणाम अब तक जारी नहीं किया गया… आखिर क्यों?
अगर चुनाव प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, तो फिर परिणाम घोषित करने में देरी क्यों की जा रही है? क्या भाजपा शेष पार्षद की हर हाल में वोटिंग करवाना चाहती है, इसलिए परिणाम रोककर बैठी है?
डोटासरा ने कहा कि बार-बार समय केवल विशेष परिस्थितियों में बढ़ाया जा सकता है, लेकिन सत्ता के इशारे पर इसमें मनमानी नहीं की जा सकती। 5 बार समय बढ़ाने और फिर चुनाव स्थगित करने के बाद भी अगर पार्षद मतदान के लिए नहीं पहुंचता है, तो नियत प्रक्रिया के अनुसार डाले गए सदस्यों के वोटों की मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाना चाहिए।
चुनाव स्थगित कर पार्षद के लिए दोबारा वोटिंग कराने का औचित्य क्या है?
कांग्रेस नेता डोटासरा ने कहा कि जब पार्षद के परिवारजन एफआईआर दर्ज करा चुके हैं, मतदान का निर्धारित समय निकल चुका है, तो फिर चुनाव स्थगित कर पार्षद के लिए दोबारा वोटिंग कराने का औचित्य क्या है? अगर अब भी केवल एक वोट के लिए चुनाव प्रक्रिया को आगे खींचा जाता है, तो ये लोकतंत्र की हत्या होगी। श्याम बाबा की नगरी में अगर जनादेश भाजपा के खिलाफ है तो उसे स्वीकार कीजिए। चुनाव टालकर, परिणाम रोककर और सत्ता के दुरुपयोग के जरिए कब तक लोकतंत्र की हत्या की जाएगी?
PC: thehawk
Parmarth TV







