Parmarth TV
जयपुर। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने जनता पार्टी और आरएसएस पर देश के अंदर डेमोक्रेसी को खत्म करने की साजिश करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने आज इस संबंध में एक्स के माध्यम से कहा कि देश के अंदर डेमोक्रेसी को खत्म करने की साजिश भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस कर रही है। हल्द्वानी के अंदर जो वाक्य हुआ, कोई छोटी बात नहीं है। हमारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष और बहुत ही सीनियर व्यक्ति मल्लिकार्जुन खड़गे साहब, उनके जाने के बाद में उनकी जगह का शुद्धिकरण करना है। यह दर्शाता है कि लोगों की सोच क्या है और यह पहला मौका नहीं है। जब भी इनको मौका मिला है, इन्होंने दलितों को, पिछड़ों को क्रिटिसाइज करने का काम किया है।
इस देश का संविधान सब लोगों को समानता का अधिकार देता है। किसी भी प्रकार की एट्रोसिटी नहीं हो, यह कहता है। इसके बावजूद मामले को जब राहुल गांधी जी ने उठाया, तो राहुल गांधी पर ही मुकदमा दर्ज हो गया। कार्रवाई उन लोगों पर होनी चाहिए, जिन लोगों ने शुद्धिकरण किया। जो व्यक्ति इस शुद्धिकरण की घटना की निंदा कर रहा है और उसके खिलाफ कार्रवाई करने की बात कह रहा है, उस पर आप मुकदमा कर रहे हो।
यह तो तानाशाही है। आप सब प्रकार से डेमोक्रेसी को खत्म करना चाहते हैं। यह इन लोगों की मंशा है। और इसमें कांग्रेस इन लोगों को कभी कामयाब नहीं होने देगी। जो अर्थव्यवस्था हिंदुस्तान की है, वह सब लोगों के सामने है। कई मायनों में तो पाकिस्तान, बांग्लादेश तक जैसे देश आगे जा रहे हैं और हम जो हैं, अपना राग अलाप रहे हैं। तो जो अर्थव्यवस्था की गणना पूरे देश और दुनिया में की जाती है, उसमें आंकड़े सबके सामने हैं।
आपकी सरकार आने के बाद में देश तरक्की करने की बजाय वापस जा रहा है
टीकाराम जूली ने कहा कि हमें कोई देश की तरक्की से दिक्कत नहीं है। हम तो चाहते हैं देश तरक्की करे, लेकिन आपकी सरकार आने के बाद में देश तरक्की करने की बजाय वापस जा रहा है। आपका जो किया हुआ विकास है, वह दुनिया के सामने है। गुड़गांव की क्या हालत है, एक्सप्रेस-वे की क्या हालत है, एयरपोर्ट की क्या हालत है, यहां तक कि राम मंदिर की भी हालत क्या है। यह जो सारा विकास आप कर रहे हो, यह विकास नहीं हो रहा है, भ्रष्टाचार किया जा रहा है। भ्रष्टाचार उजागर करना हमारा काम है, वह हम उजागर करके रहेंगे।
PC: X
Parmarth TV







