Parmarth TV
जयपुर। विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने अब भाजपा सरकार पर विद्या संबल के नाम पर बेरोजगारों को गुमराह कर उनके हकों पर डाका डालने का आरोप लगाया है।
जूली ने इस संबंध में आज एक्स के माध्यम से कहा कि भाजपा सरकार ने अपने चुनावी घोषणापत्र में युवाओं को स्थायी रोजगार देने का वादा किया और अब उन्हें गेस्ट फैकल्टी पर “शिक्षावीर” बनाने का काम कर रही है। शिक्षा विभाग द्वारा विद्या संबल योजना में भर्ती प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के साथ धोखा है। अकेले शिक्षा विभाग में 1,25,000 से अधिक पद रिक्त हैं और भाजपा सरकार विद्या संबल के नाम पर बेरोजगारों को गुमराह कर उनके हकों पर डाका डालने का काम कर रही है।
जूली ने कहा कि गेस्ट फैकल्टी “शिक्षावीर” के नाम पर सरकार अपने चहेतों को लाभ देने का कार्य कर रही है, जो कि आरक्षित वर्गों के हितों पर कुठाराघात है। इसमें एससी, एसटी, ओबीसी, एमबीसी, ईडब्ल्यूएस और महिला सभी वर्गों के साथ भेदभाव करके अपने चहेतों को बैकडोर से एंट्री देने का सुनियोजित प्लान है।
हम तो बार-बार कह रहे हैं कि सरकार और विशेषकर शिक्षा विभाग “यू-टर्न विभाग”बन चुका है। सरकार को जब आदेश निकालने के बाद उन्हें बार-बार निरस्त करना पड़े, तो ऐसे आदेश निकालते ही क्यों हो?
जूली ने कहा कि मुख्यमंत्री, प्रदेश का युवा ऐसी अस्थाई भर्ती का समर्थन नहीं करता, वह स्थायी सरकारी नौकरी चाहता है। विभाग द्वारा जारी किए गए आदेशों को तत्काल निरस्त किया जाए और स्थायी भर्ती कराई जाए l
PC: etvbharat
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें
Parmarth TV







