Parmarth TV
जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक बयान के लिए सीएम भजनलाल शर्मा पर तंज कसा है। उन्होंने इस संबंध में सोशल मीडिया के माध्यम से गुरुवार को कहा कि अभी मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जोधपुर में हम वार्डों में हार गए। तो मैं मुख्यमंत्री जी से यह कहना चाहूंगा कि मुख्यमंत्री जी, आपका जिला भरतपुर है। वहां 65 सीटें थीं, जिनमें बीजेपी सिर्फ 20 सीटें जीत पाई, फिर आपका बोर्ड कैसे बना? आपने कैसे धमकाया? आप कह रहे हैं कि पुलिस का कोई हस्तक्षेप नहीं था। वहां निर्दलीय उम्मीदवार कांग्रेस के समर्थन से जीतकर आए थे और कांग्रेस समर्थित बोर्ड बनने वाला था। तो फिर जो उम्मीदवार थे, उनको बुलाकर आपने क्यों धमकाया? आपने धमकाया, आपके कहने पर आपके लोगों ने धमकाया, मंत्रियों ने धमकाया, यह तो आपको भी मालूम है। फिर ऐसी स्थिति क्यों पैदा कर दी गई कि उस उम्मीदवार को बैठना पड़ा? डर के मारे वह चुनाव में खड़ा ही नहीं हुआ। उस व्यक्ति ने आपके पुलिस-प्रशासन के डर और भय के कारण खुद को चुनाव से विड्रॉ कर लिया और बीजेपी वहां जीत गई। इसको आप क्या कहेंगे?
अशोक गहलोत ने इस संबंध में आगे कहा कि अभी अगर हम सत्ता में होते, तो बीजेपी राजस्थान में सड़कों पर कई तमाशे करती। इतनी बड़ी घटना है और चुनाव जीतने के लिए पुलिस के द्वारा जिस तरह का यह पूरा अप्रोच अपनाया गया, वह बेहद गंभीर और खतरनाक है। अगर मान लीजिए सत्ता में हम होते, तो बीजेपी जगह-जगह तमाशा करती, राजस्थान बंद का कॉल देती और पता नहीं क्या-क्या करती। ऐसी स्थिति पैदा हो जाती।
जेन-ज़ी से गहलोत ने की ये अपील
गहलोत ने कहा कि हमारी अप्रोच कभी ऐसी रही नहीं है। मैं बार-बार चिंता इसलिए कर रहा हूँ कि अगर इस घटना की निंदा नहीं की गई, पुलिस ने जो हरकतें की हैं और प्रशासन ने जिस तरह हस्तक्षेप किया है, अगर यह सब ऐसे ही चलता रहा, तो यह राज्य के हित में नहीं होगा। मेरा मानना है कि अगर इसको नहीं रोका गया, तो आने वाले समय में इनके हौसले और बढ़ेंगे और आने वाले चुनावों में भी ऐसी हरकतें दोहराई जा सकती हैं। इसलिए पब्लिक भी आगे आए, जेन-ज़ी भी आगे आए और सभी को मिलकर इसका मुकाबला करना चाहिए।
PC: X
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें
Parmarth TV







