Parmarth TV
जयपुर। नगर निगम जयपुर के महापौर पद के निर्वाचन की प्रक्रिया आज से शुरू हो जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान की ओर से निर्वाचन के संबंध में संशोधित निर्वाचन कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। महापौर पद के लिए आज लोक सूचना जारी की जाएगी तथा शनिवार तक नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 21 सितम्बर 2026 को अपराह्न 3.00 बजे तक की जाएगी। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 22 सितम्बर 2026 अपराह्न 3.00 बजे तक निर्धारित है। इसी दिन नाम वापसी का समय समाप्त होने के तुरंत पश्चात चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा। महापौर पद के लिए मतदान 25 सितम्बर 2026 को प्रातः 10.00 बजे से अपराह्न 2.00 बजे तक होगा। मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा। जयपुर में भाजपा ने 78, कांग्रेस ने 57 और निर्दलीयों ने 15 सीटों पर जीत दर्ज की। जयपुर भाजपा का महापौर बनाना तय है।
उप महापौर पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया 26 सितम्बर 2026 को निर्धारित
इसी प्रकार उप महापौर पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया 26 सितम्बर 2026 को निर्धारित की गई है। निर्वाचन प्रक्रिया हेतु बैठक का प्रारम्भ प्रातः 10.00 बजे होगा। नामांकन पत्र प्रातः 11.00 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे तथा नामांकन पत्रों की संवीक्षा प्रातः 11.30 बजे से होगी। अभ्यर्थिता वापस लेने का समय अपराह्न 2.00 बजे तक रहेगा। आवश्यकता होने पर मतदान अपराह्न 2.30 बजे से शाम 5.00 बजे तक कराया जाएगा तथा मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात मतगणना की जाएगी। रिटर्निंग अधिकारी (महापौर एवं उपमहापौर)आशीष कुमार ने बताया की नगर निगम जयपुर के महापौर एवं उप महापौर पद का निर्वाचन निर्धारित कार्यक्रमानुसार सम्पन्न कराया जाएगा तथा निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
PC: livehindustan
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें
Parmarth TV







