Parmarth TV
जयपुर। राजस्थान के शहरी निकायों के लिए इस बार दो चरणों में मतदान होगा।राज्य निर्वाचन आयोग ने आज निकाय चुनावों की तारीखों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही संबंधित नगरीय निकाय क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से घोषित कार्यक्रम के अनुसार, प्रदेश में निकाय चुनाव प्रक्रिया को दो चरणों में संपन्न कराया जाएगा। 9 सितंबर और 11 सितंबर को मतदान होगा। 14 सितंबर को चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा। आचार संहिता लागू होने के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में उद्घाटन-शिलान्यास पर रोक लग गई है।
राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के सभी 309 शहरी निकायों में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 27 अगस्त से शुरू होगी। उम्मीदवारों के पास 31 अगस्त तक नामांकन दाखिल करने का मौका होगा। तीन सितंबर तक नामांकन वापस लिया जा सकता है।
309 शहरी निकायों में 10,245 पार्षद पदों के लिए होंगे चुनाव
आयुक्त राजेश्वर सिंह ने जानकारी दी किप्रदेश के 309 शहरी निकायों में 10,245 पार्षद पदों के लिए चुनाव होंगे। पार्षदों के चुनाव के बाद निकाय प्रमुखों के निर्वाचन की प्रक्रिया होगी। 21 सितंबर को मेयर, सभापति और नगरपालिका अध्यक्षों का चुनाव होगा। 22 सितंबर को उपाध्यक्ष पदों के चुनाव होंगे। 22 सितंबर को ही नगर निगम, नगर परिषद और नगरपालिकाओं की साधारण सभा की बैठक आयोजित होगी।इसी बैठक में डिप्टी मेयर, उपसभापति और नगरपालिका उपाध्यक्ष का चुनाव करवा दिया जाएगा।
PC:livehindustan
अपडेट खबरों के लिए हमारावॉट्सएप चैनलफोलो करें
Parmarth TV






