Parmarth TV
जयपुर। राजस्थान के 309 नगरीय निकायों के 10167 वार्डों के लिए 38889 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला ईवीएम में बंद हो गया। अब इन सभी उम्मीदवारों की किस्मत का ताला 14 सितंबर को खुलेगा। इस दिन दोनों चरणों की मतगणना एक साथ होगी। इसके बाद 21 सितंबर को महापौर और सभापति तथा 22 सितंबर को उप महापौर, उप सभापति और नगर पालिकाओं के उपाध्यक्ष के चुनाव करवाए जाएंगे। दोनों चरणों में 77 पार्षदों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। खबरों के अनुसार, निकाय चुनाव के पहले चरण में 76.41 प्रतिशत जबकि शुक्रवार को दूसरे चरण में शाम 6 बजे तक 70.74 प्रतिशत मतदान होने की जानकारी सामने आई है। इस प्रकार दोनों चरण में कुल 72.95 प्रतिशत मतदान हुआ।
राजधानी जयपुर में नगर निकाय के द्वितीय चरण में 63.55 प्रतिशत मतदान हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर संदेश नायक ने बताया कि नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण के तहत नगर निगम जयपुर का मतदान प्रतिशत प्रातः 10 बजे तक 16.20 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 37.36 प्रतिशत, दोपहर 3 बजे तक 48.89 प्रतिशत तथा शाम 6 बजे तक 62.74 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अंतिम रूप से कुल 63.55 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ।
वार्डों में ऐसा रहा मतदान प्रतिशत
वार्डवार उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार वार्ड 1 से 22 में 63.32 प्रतिशत, वार्ड 23 से 37 में 64.39 प्रतिशत, वार्ड 38 से 58 में 57.85 प्रतिशत, वार्ड 59 से 72 में 61.87 प्रतिशत, वार्ड 73 से 87 में 57.86 प्रतिशत, वार्ड 88 से 103 में 57.28 प्रतिशत, वार्ड 104 से 115 में 67.44 प्रतिशत, वार्ड 116 से 132 में 72.20 प्रतिशत, वार्ड 133 से 147 में 68.85 प्रतिशत तथा वार्ड 148 से 150 में 81.45 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
PC: navbharattimes.indiatimes
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें
Parmarth TV







