इंटरनेट डेस्क। दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से विपक्षी नेताओं को लेकर की गई ‘नाराज फूफा’ टिप्पणी पर अब सियासत गर्मा गई है। इस मामले में ज्यादा सियासत इसलिए हो गई क्योंकि भाजपा अध्यक्ष ने भी पीएम मोदी की टिप्पणी का समर्थन कर दिया और विपक्ष को निशाने पर लिया हैं। इस मामले में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री की टिप्पणी का समर्थन करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने विपक्ष के ‘नाराज फूफाओं’ को होम्योपैथी की मीठी और शांत दवा दी, लेकिन उसका असर एलोपैथी की तेज एंटीबायोटिक जैसा हुआ।
नितिन नवीन क्या कहा
नितिन नवीन ने वीडियो में कहा कि समाज और परिवार में कुछ लोग ऐसे होते हैं जो हमेशा असंतुष्ट रहते हैं और किसी सकारात्मक दिशा में आगे नहीं बढ़ पाते। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ऐसे ही लोगों के लिए ‘नाराज फूफा’ शब्द का इस्तेमाल किया है। नितिन नवीन ने विपक्षी नेताओं से सवाल करते हुए कहा कि जब भारत विकास कर रहा है तो उन्हें इससे परेशानी क्यों है।
गरीबी कम होने का भी किया जिक्र
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष लंबे समय तक जिन नारों के साथ सत्ता में रहा, आज उन नारों को पूरा करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 25 करोड़ परिवारों और गरीब परिवारों के लोगों को गरीबी रेखा से बाहर लाने का काम हुआ है, लेकिन विपक्ष इस पर भी नाराज है।
pc- aaj tak







