इंटरनेट डेस्क। उत्तराखंड में आज सुबह दो दर्दनाक सड़क हादसे हुए हैं। इन दोनों हादसों में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। पहला हादसा टिहरी जिले में ऋषिकेश-बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर गूलर के पास और दूसरा रुद्रप्रयाग की क्यूंजा घाटी में हुआ।
खबरों के अनुसार, ऋषिकेश-बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर गूलर के पास यात्रियों से भरी बस करीब 100 मीटर नीचे नदी में गिर गई। इस दर्दनाक आदसे में 9 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 25 लोग घायल हुए हैं। यात्रियों ने हादसे का कारण बस की तेज रफ्तार का माना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस हादसे पर दुख प्रकट किया है। उन्होंने एक्स के माध्यम से कहा कि उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में हुए हादसे में लोगों की मौत से बेहद दुखी हूं। इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
रुद्रप्रयाग: बारातियों की बोलेरो गाड़ी खाई में गिरी चार की मौत
वहीं रुद्रप्रयाग की क्यूंजा घाटी में हुए हादसे में चार लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। यहां पोखरी से शादी समारोह से लौट रही बारातियों की बोलेरो गाड़ी खाई में गिरने से ये दर्दनाक हादसा हुआ है। इस हादसे में चार लोगों की मौत होने के साथ ही 6 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। इसी कारण मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है। घायलों को श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है। खबरों के अनुसार, एम्स में भर्ती दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हुई है।
PC: hindi.news18
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें







