धर्म डेस्क। मोक्ष की कामना लिए हर दिन सैकड़ों लोग वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पहुंचते हैं। मान्यता है कि जो व्यक्ति यहां अंतिम सांस लेता है या जिसका अंतिम संस्कार इस घाट पर होता है, उसे जन्म-मरण के बंधन से मुक्ति मिल जाती है।
यही कारण है कि मणिकर्णिका घाट को ‘मोक्ष का द्वार’ भी कहा जाता है। यह दुनिया के उन चुनिंदा श्मशान घाटों में शामिल है, जहां दिन-रात, हर वक्त चिताएं जलती रहती हैं।
क्यों नहीं बुझती मणिकर्णिका घाट की आग?
मणिकर्णिका घाट से जुड़ी पौराणिक कथाएं इसे और भी रहस्यमयी बनाती हैं। एक मान्यता के अनुसार, देवी पार्वती का कान का कुंडल (मणि-कर्णिका) इसी स्थान पर गिर गया था। भगवान शिव और पार्वती ने काफी देर तक इसे खोजा, लेकिन जब कुंडल नहीं मिला तो देवी पार्वती ने इस स्थान को श्राप दे दिया कि यहां की आग कभी नहीं बुझेगी। तभी से यह घाट 24 घंटे, 365 दिन जलता रहता है।
मृत व्यक्ति के कान में पूछा जाता है सवाल
इस घाट की सबसे रहस्यमयी परंपराओं में से एक है मृत व्यक्ति के कान में सवाल पूछना। कहा जाता है कि अंतिम संस्कार के दौरान पंडा मृतक के कान में कुछ शब्द कहता है। मान्यता है कि यह सवाल आत्मा को उसकी अधूरी इच्छाओं, पछतावों और सांसारिक मोह से मुक्त करने के लिए पूछा जाता है।
कुछ लोगों का मानना है कि मृतक से पूछा जाता है “क्या तुमने देवी की बाली देखी?” हालांकि पंडा क्या बोलता है, यह आज भी रहस्य बना हुआ है।
राख पर क्यों लिखा जाता है 94 नंबर?
मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार के बाद जब चिता की राख ठंडी हो जाती है, तो उस पर 94 अंक लिखा जाता है। मान्यता के अनुसार, हर इंसान में 100 गुण होते हैं, जिनमें से 6 गुण भगवान ब्रह्मा के पास होते हैं और शेष 94 गुण मनुष्य के कर्मों पर निर्भर करते हैं। यह अंक इस बात का प्रतीक माना जाता है कि व्यक्ति अपने कर्मों के हिसाब से मोक्ष या पुनर्जन्म की यात्रा तय करता है।
‘मसान’ और विक्की कौशल का कनेक्शन
नीरज घेवान की चर्चित फिल्म मसान की शूटिंग मणिकर्णिका घाट पर ही हुई थी। इस फिल्म से विक्की कौशल को बड़ी पहचान मिली। एक इंटरव्यू में विक्की ने बताया था कि शूटिंग के दौरान वे घंटों घाट पर बैठकर जलती चिताओं को देखते रहते थे। उन्होंने हर उम्र, हर रंग और हर पहचान के इंसानों को राख में बदलते देखा। फिल्म में उन्होंने डोम की भूमिका निभाई थी, जो श्मशान घाट पर शवदाह का काम करते हैं।
पुनर्विकास को लेकर विवाद
सरकार मणिकर्णिका घाट के पुनर्विकास की योजना पर काम कर रही है, ताकि इसे आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा सके। लेकिन इस बदलाव को लेकर विवाद भी खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और संत समाज का कहना है कि पुनर्विकास के नाम पर इसकी प्राचीन परंपराओं और स्वरूप से छेड़छाड़ की जा रही है।
महिलाओं के लिए बना विशेष घाट
इतिहास में मणिकर्णिका घाट के पास महिलाओं के लिए एक विशेष स्नान घाट भी बनवाया गया था, जहां अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थापित थी। हाल ही में प्रतिमा हटाए जाने के बाद विवाद और गहरा गया है।
मणिकर्णिका घाट आज भी आस्था, रहस्य और मृत्यु के दर्शन का जीवंत प्रतीक बना हुआ है, जहां जीवन और मृत्यु के बीच की दूरी मानो मिट सी जाती है।







