खेल डेस्क। एशियन गेम्स 2026 की पुरुषों की क्रिकेट स्पर्धा में गोल्ड मेडल के लिए भारत और पाकिस्तान के बीच भिड़ंत होगी। दोनों ही टीमों ने आज अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीते हैं। पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को शिकस्त दी। जबकि दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने श्रीलंका को करारी शिकस्त दी। भारत ने ये मुकाबला आज 124 रन से अपने नाम किया।
ईशान किशन (नाबाद 80 रन) और वैभव सूर्यवंशी (38 रन) की शानदार पारियों के दम पर जापान में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने श्रीलंका के खिलाफ निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट गंवाकर 169 रन बनाए। जवाब में श्रीलंकाई टीम केवल 45 रन पर ही ढेर हो गई। श्रीलंकाई टीम दस ओवर भी नहीं खेल सकी। उसके आखिरी तीन विकेट 45 रन के स्कोर पर ही गिर गए। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा ने दो-दो विकेट हासिल किए। वॉशिंगटन सुंदर को एक विकेट मिला।
ईशान किशन ने नाबाद 80 रन की पारी खेली
निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए इस मैच में भारत की ओर से ईशान किशन ने नाबाद 80 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने केवल 46 गेंदों को सामना किया। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और पांच छक्के लगाए। वैभव सूर्यवंशी ने 21 गेंदों पर 38 रन बनाए। फाइनल में भारत का सामना शनिवार को पाकिस्तान से होगा। जीतने वाली टीम को गोल्ड मेडल मिलेगा। कांस्य पदक के लिए श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच मुकाबला होगा।
PC: cricinfo
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें







