इंटरनेट डेस्क। फीफा वलर्ड कप चल रहा है और इस बीच क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने शानदार और ऐतिहासिक करियर में एक और असाधारण उपलब्धि जोड़ ली है। उज्बेकिस्तान के खिलाफ मैच में गोल दागकर वह फुटबॉल के इतिहास में छह अलग-अलग फीफा वर्ल्ड कप सीजन में गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
पुर्तगाल के 41 साल के कप्तान ने विश्व फुटबॉल के इस सबसे बड़े मंच पर अपना दबदबा जारी रखते हुए एक ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है जो शायद आने वाले कई सालों तक अटूट रहे। छह विश्व कप खेलने के साथ ही रोनाल्डो के इस गोल ने यह सुनिश्चित कर दिया है कि वह साल 2006 से लेकर 2026 तक के हर सिंगल टूर्नामेंट में गोल करने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं।
यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड पुर्तगाल की टीम के लिए बेहद नाजुक और महत्वपूर्ण समय पर आया है। पुर्तगाल ने टूर्नामेंट के अपने शुरुआती मैच में कांगो के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला था, जिसके बाद टीम काफी दबाव में थी। पहले मैच में शांत प्रदर्शन के कारण खुद रोनाल्डो को भी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। लेकिन इस दिग्गज खिलाड़ी ने फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर एक बार फिर गोल दागकर आलोचकों को बेहतरीन अंदाज में करारा जवाब दिया है।
pc- jansatta







