वैंकूवर(मलकीत सिंह)। ब्रह्मांड के विशाल विस्तार में मौजूद चंद्रमा की परिक्रमा के मिशन पर निकले ‘आर्टेमिस-2’ के अंतरिक्ष यात्रियों द्वारा अंतरिक्ष से धरती की ली गई बहुत ही खूबसूरत और अनोखी तस्वीरें नासा द्वारा जारी की गई हैं।
कमांडर रीड वाइजमैन द्वारा ली गई पहली तस्वीर में ओरियन कैप्सूल की एक खिड़की से धरती का एक हिस्सा नजर आ रहा है। दूसरी तस्वीर में पूरी धरती दिखाई दे रही है। शुक्रवार सुबह तक, वाइजमैन और उनकी टीम धरती से लगभग 90,000 मील (1,45,000 किलोमीटर) दूर पहुंच चुकी थी।

अंतरिक्ष यात्री तेजी से चंद्रमा की ओर बढ़ रहे हैं और उन्हें अभी 1,68,000 मील (2,70,000 किलोमीटर) का सफर और तय करना बाकी है। उम्मीद जताई जा रही है कि यह टीम सोमवार तक अपनी निर्धारित मंजिल पर पहुंच जाएगी। इस मिशन में तीन अमेरिकी और एक कनाडाई नागरिक जेरमी हैंसन शामिल हैं।
ये चारों यात्री अपने ओरियन कैप्सूल में चंद्रमा की परिक्रमा करने के बाद बिना कहीं रुके सीधे धरती पर वापस लौटेंगे। उल्लेखनीय है कि वर्ष 1972 में ‘अपोलो 17’ मिशन के बाद चंद्रमा के पास जाकर परिक्रमा करने वाले ये पहले अंतरिक्ष यात्री होंगे।
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें







