Parmarth TV
जयपुर। नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने अब जोधपुर (ग्रामीण) में कानून-व्यवस्था की स्थिति को को लेकर बड़ा बयान दिया है। बेनीवाल ने एक्स के माध्यम से कहा कि एक तरफ जोधपुर (ग्रामीण) पुलिस द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना और बिना सक्षम अनुमति के जाट समाज 84 पट्टी पीपाड़ बोर्डिंग में प्रवेश कर समाज के लोगों को भयभीत करने का प्रयास किया जाता है, तो विरोध के बाद पुलिस माफी मांगती फिरती है। दूसरी तरफ आज सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना प्राप्त हो रही है कि जोधपुर (ग्रामीण) के भोपालगढ़ वृत्त के खेड़ापा थाने से एक गंभीर प्रकरण में हिरासत में लिए गए 3 आरोपियों में से 2 आरोपी फरार हो गए।
जोधपुर (ग्रामीण) में कानून-व्यवस्था की स्थिति अत्यंत गंभीर है। भारतीय जनता पार्टी के नेता को हिरासत में लेकर मारपीट करने के मामले में एपीओ हुए भोपालगढ़ के वृत्ताधिकारी कोर्ट के स्टे के कारण अपने पद पर बने हुए हैं वहीं उनके द्वारा पूर्व में भी कई लोगों के साथ अनैतिक मारपीट करने जैसे मामले भी सार्वजनिक हुए, उसके बावजूद वो दिनभर अपने कक्ष में बैठकर भाजपा सरकार तथा डीजीपी के विरुद्ध अनर्गल बयानबाजी करते हैं। दूसरी ओर, उनके वृत्त के ही थाने से मुलजिम फरार हो जाते हैं।
वहीं, जिस खेड़ापा पुलिस स्टेशन का यह प्रकरण सामने आया है, उसके थाना अधिकारी के विरुद्ध पूर्व में भी कई गंभीर आरोप लग चुके हैं और इस मामले में भी सोशल मीडिया के अनुसार उनकी भूमिका भी संदिग्ध प्रतीत होती है। एसपी, जोधपुर (ग्रामीण) की थानों पर कोई पकड़ नहीं होने की वजह से आज जोधपुर जिले के अधिकतर थानों में हालात खराब हो रखे हैं।
PC: thehawk
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें
Parmarth TV







