Parmarth TV
जयपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के साथ पुलिस के बर्ताव को बेहद निंदनीय करार दिया है। उन्होंने आज एक्स के माध्यम से कहा कि अलवर के मालाखेड़ा में नगर पालिका चुनाव के दौरान नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के साथ पुलिस का बर्ताव बेहद निंदनीय है। सत्ता के अहंकार में डूबी भाजपा इतनी तानाशाह हो चुकी है कि पुलिस को आगे करके अमर्यादित आचरण पर उतर आई है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के साथ इस तरह का बर्ताव शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है। डीजीपी राजीव शर्मा तुरंत मामले का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करें।
डोटासरा ने कहा कि लोकतंत्र की हत्यारी भाजपा की शर्म मर चुकी है… जनता के वोट से चुने पार्षदों का वोट छीनने की साजिश राजस्थान देख रहा है। बीजेपी के बोर्ड बनाने और कांग्रेस पार्षदों को वोटिंग से रोकने के लिए राजस्थान पुलिस को पूरी तरह मैदान में उतार दिया गया है, शर्मनाक। लोकतंत्र की सारी हदें पार कर चुकी भाजपा बोर्ड की बौखलाहट में इस हद तक गिरेगी, ये कतई उम्मीद नहीं थी।
पुलिस-प्रशासन और सरकारी तंत्र का ऐसा दुरुपयोग राजस्थान की जनता से पहले कभी नहीं देखा
उन्होंने कहा कि मथानिया में लोकतंत्र का खुला मजाक बनाया जा रहा है। बीजेपी विधायक के दबाव में पुलिस और प्रशासन द्वारा कांग्रेस व समर्थित निर्वाचित पार्षदों को मतदान से रोका जा रहा है। उधर तिजारा में सभापति की वोटिंग से पहले कांग्रेस व समर्थित 18 पार्षदों को रात से ही हरियाणा के जंगलों में बंधक बनाया हुआ है। पूर्व विधायक संदीप यादव को भी रातभर हरियाणा पुलिस द्वारा हिरासत में रख गया। अब केवल हाईकोर्ट से न्याय की उम्मीद बची है। वहीं कठूमर नगर पालिका में कांग्रेस पार्षदों को वोटिंग से पहले फोन पर धमकाया जा रहा है। पुलिस-प्रशासन और सरकारी तंत्र का ऐसा दुरुपयोग राजस्थान की जनता से पहले कभी नहीं देखा और इन सब के बीच राज्य निर्वाचन आयोग मूकदर्शक बना हुआ है। जनता सब देख रही है, वक्त आने पर इसका जवाब जरूर देगी।
PC: rajasthan.ndtv
Parmarth TV







