Parmarth TV
जयपुर। राजस्थान में पंचायतीराज और शहरी निकाय चुनावों को टलना एक बार फिर तय हो गया है। प्रदेश की भजनलाल सरकार ने ओबीसी (राजनीतिक प्रतिनिधित्व) आयोग का कार्यकाल 30 सितंबर तक बढ़ा दिया है। सरकार के इस फैसले से अब सितंबर तक चुनाव होने की संभावना लगभग खत्म हो गई है। ऐसे में अब प्रदेश में ये चुनाव अक्टूबर तक टलते नजर आ रहे हैं। इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने एक बार फिर से प्रदेश की भजनलाल सरकार पर निशाना साधा है।
कांग्रेस नेता डोटासरा ने आज इस संबंध में एक्स के माध्यम से कहा कि देश की सर्वोच्च अदालतों, संवैधानिक प्रावधानों एवं निर्वाचन आयोग का ऐसा मजाक राजस्थान में पहले कभी नहीं बना। प्रदेश में डेढ़ साल से पंचायत एवं निकाय चुनाव लटकाकर भाजपा सरकार जनता के अधिकार छीन रही है। 15 अप्रैल ,2026 तक चुनाव कराने के कोर्ट के निर्देश की अवमानना पर उतारू है, नियमों की धज्जियां उड़ाकर, कोर्ट के आदेशों को ठेंगा दिखाकर लोकतंत्र का मजाक बनाया जा रहा है।
सवा 2 साल की नाकामियों के बाद BJP की हार निश्चित है
डोटासरा ने इस संबंध में आगे कहा कि मैं बार-बार कह रहा हूं कि ये भाजपा सरकार पर्ची बदलने के डर से चुनावों से भाग रही है, क्योंकि सवा 2 साल की नाकामियों के बाद BJP की हार निश्चित है। इसलिए ओबीसी आयोग की रिपोर्ट जानबूझकर रोकी जा रही है और तीसरी बार आयोग का कार्यकाल 30 सितंबर तक बढ़ाकर बहाना बनाया जा रहा है। भाजपा का इरादा साफ है.. कि बिना चुनाव के स्थानीय शासन पर कब्ज़ा जमाए रखना और मनमानी करना।
PC:rontline.thehindu
अपडेट खबरों के लिए हमारावॉट्सएप चैनलफोलो करें
Parmarth TV







