Parmarth TV
जयपुर। नीट (यूजी) 2026 प्रवेश परीक्षा का रद्द होने के बाद एक बार फिर से प्रदेश की भजनलाल सरकार कांग्रेस नेताओं के निशाने पर आ गई है। अब इसको लेकर विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा सरकार को निशाने पर लिया है।
कांग्रेस नेता जूली ने एक्स के माध्यम से कहा कि NEET परीक्षा का रद्द होना इस बात का साफ सबूत है कि पूरे प्रकरण में संगठित स्तर पर गंभीर धांधली हुई। NTA द्वारा परीक्षा रद्द कर जांच CBI को सौंपना यह बताता है कि मामला कितना गहरा और व्यापक है, यह लाखों मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ खुला विश्वासघात हुआ है।
टीकाराम जूली ने इस संबंध में आगे कहा कि भाजपा राज में 10 साल में 89 पेपर लीक, यही पेपर लीक की कड़वी सच्चाई है। हर बार बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, कार्रवाई के दावे होते हैं, लेकिन हकीकत में युवाओं की मेहनत, समय और भविष्य के साथ भाजपा सरकार लगातार खिलवाड़ कर रही है।
राजस्थान की भाजपा सरकार ने सच्चाई उजागर करने के बजाय उसे दबाने की कोशिश की
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि सबसे चिंताजनक बात यह है कि राजस्थान की भाजपा सरकार ने सच्चाई उजागर करने के बजाय उसे दबाने की कोशिश की और दो हफ्तों तक युवाओं के भविष्य को दांव पर लगाए रखा। यह सरकार की केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि सुनियोजित गैर-जिम्मेदारी और संवेदनहीनता का प्रमाण है। पहले ओएमआर शीट गड़बड़ी जैसे मामलों में भी सच्चाई दबाने की कोशिश की गई, जिससे साफ है कि सरकार की प्राथमिकता पारदर्शिता और न्याय नहीं, बल्कि अपनी छवि बचाने का खेल है।
PC: X
अपडेट खबरों के लिए हमारावॉट्सएप चैनलफोलो करें
Parmarth TV







