Parmarth TV
जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान विधानसभा को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने पर प्रदेश की भजनलाल सरकार को निशाने पर लिया है। गहलोत ने इस संबंध सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया दी है।
उन्होंने आज एक्स के माध्यम से कहा कि राजस्थान की कानून व्यवस्था और सुरक्षा का जिस तरह से मजाक बन रहा है, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। राजस्थान विधानसभा को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलना कोई सामान्य बात नहीं है। अभी कुछ ही दिन पहले भी ऐसी धमकी मिली थी। बार-बार विधानसभा जैसे लोकतंत्र के मंदिर को निशाना बनाया जाना यह बताता है कि अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हैं और उनके मन से कानून का डर पूरी तरह खत्म हो चुका है।
गहलोत ने कहा कि स्वयं मुख्यमंत्री को कई बार धमकी मिल चुकी है। मुख्यमंत्री केवल एक पार्टी के नहीं हम सभी के हैं। उन्हें इस तरह धमकी मिलना सभी के लिए चिंता का विषय है। हाई कोर्ट, जिला कलेक्ट्रेट और अन्य सरकारी कार्यालयों को मिल रही ये धमकियाँ जनता के मन में असुरक्षा का भाव पैदा कर रही हैं।
सुरक्षा एजेंसियां और सरकार इस नेटवर्क को तोड़ने में सफल नहीं हो पा रही
उन्होंने कहा कि जब विधानसभा, हाई कोर्ट और कलेक्ट्रेट जैसे अति-संवेदनशील स्थानों एवं मुख्यमंत्री जैसे प्रमुख व्यक्ति को अपराधी सरेआम चुनौती दे रहे हों, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या हाल होगा, यह समझा जा सकता है। करीब छह महीने से इस तरह का सिलसिला चल रहा है, लेकिन अभी तक मुख्य अपराधी पुलिस की पहुंच से दूर हैं। यह स्थिति दर्शाती है कि सुरक्षा एजेंसियां और सरकार इस नेटवर्क को तोड़ने में सफल नहीं हो पा रही हैं।
मुख्यमंत्री को स्वयं इस पर संज्ञान लेना चाहिए
गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री को स्वयं इस पर संज्ञान लेना चाहिए और पुलिस प्रशासन को सख्त हिदायत देनी चाहिए कि इन धमकियों के पीछे जो भी लोग हैं, उन्हें तुरंत सलाखों के पीछे भेजा जाए ताकि जनता के बीच सुरक्षा का भरोसा फिर से बहाल हो सके।
PC: hindi.moneycontrol
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें
Parmarth TV







