Parmarth TV
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अचानक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का दौरा किया। यहां पर उन्होंने केन्द्रीय मंत्रियों से मुलाकात की है। सीएम भजनलाल ने रविवार को यहां पर केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने पूंजीगत निवेश हेतु राज्य को विशेष सहायता योजना (एसएएससीआई) के तहत मिल रहे सहयोग पर केन्द्र सरकार का आभार व्यक्त किया। विकसित राजस्थान के लिए मुख्यमंत्री और केन्द्रीय वित्त मंत्री ने प्रदेश के चहुंमुखी विकास, योजनाओं के सफल क्रियान्वयन एवं आधारभूत ढांचे के विषय पर विस्तृत बातचीत की।
वहीं सीएम भजनलाल शर्मा ने यहां केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से भी शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के बीच राजस्थान में एनईपी-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन, अंतरराष्ट्रीय भाषाओं के शिक्षण द्वारा युवाओं को नवीन रोजगारपरक शिक्षा सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि राजस्थान में डबल इंजन सरकार ‘शिक्षित प्रदेश-उन्नत प्रदेश’ एवं युवाओं को अवसर प्रदान करने के संकल्प के साथ निरंतर अग्रसर है।

राजस्थान उत्सव 2026” का भी किया शुभारंभ
भजनलाल ने राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में नई दिल्ली स्थित बीकानेर हाउस में आयोजित “राजस्थान उत्सव 2026” का भी शुभारंभ किया। राष्ट्रीय राजधानी में 15 मार्च से 25 मार्च तक आयोजित होने वाला यह उत्सव राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं, हस्तशिल्प, लोकसंगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक व्यंजनों की झलक प्रस्तुत करेगा।
सीएम भजनलाल ने कहा कि राजस्थान की संस्कृति, लोक परंपराएं और कला-संस्कृति हमारी गौरवशाली पहचान का आधार हैं। राज्य सरकार इनके संरक्षण और संवर्धन के साथ-साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि यह उत्सव देश-विदेश के लोगों को राजस्थान की जीवंत सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।
PC: X
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें
Parmarth TV







