Parmarth TV
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान के जयपुर ग्रामीण क्षेत्र के नरैना में एक बड़ी घटना सामने आई है। यहां संघ प्रचारक कृष्णावतार के साथ पुलिस थाने में कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद बवाल मच गया है। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने कृष्णावतार को रास्ते से पकड़कर नरैना थाने पहुंचाया और वहां उनके कपड़े उतरवाकर हाथ-पैर पकड़कर बेरहमी से पीटा। इस दौरान उनकी हालत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए।
लगे ये आरोप भी
मीडिया रिपोटर्स की माने तो कृष्णावतार ने पुलिसकर्मियों को अपना परिचय भी दिया। इसके बाद आरोप हैं कि एसएचओ ने पुलिसकर्मियों से कहा, ‘इसकी प्रचारकी उतार दो’ घटना की जानकारी सामने आने के बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंचे और पुलिस की कार्यप्रणाली के खिलाफ विरोध जताया। मामला बढ़ने पर पुलिस अधिकारियों ने नरैना थानाप्रभारी उमराव सिंह समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। कृष्णावतार को गंभीर हालत में जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया है।
रास्ते से पकड़कर थाने ले जाने का आरोप
संघ प्रचारक कृष्णावतार के पास सांभर जिले का प्रभार है, बताया जा रहा है कि शनिवार रात वे फूलड़ा जा रहे थे, इसी दौरान नरैना थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि पुलिसकर्मी उन्हें जबरन पकड़कर थाने ले गए, कृष्णावतार ने थानाधिकारी उमराव सिंह को अपना परिचय देते हुए बताया कि वे संघ के प्रचारक हैं। आरोप है कि उनका परिचय जानने के बाद थानाधिकारी नाराज हो गए और पुलिसकर्मियों से उनके साथ मारपीट करवाई।
कपड़े उतारकर की मारपीट
इस मामले में सबसे गंभीर आरोप थाने के भीतर हुई कथित मारपीट को लेकर है, आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने कृष्णावतार के कपड़े उतरवा दिए और उनके हाथ-पैर पकड़कर पिटाई की। कृष्णावतार की हालत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए, इसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए, वहां लोगों के पहुंचने के बाद उनके साथ फिर मारपीट किए जाने का आरोप भी लगा है।
pc news18, bhaskar
Parmarth TV






