Parmarth TV
जयपुर। राजस्थान की भजनलाल सरकार प्रदेश के हर वर्ग के लिए महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। इसी कड़ी में अब प्रदेश सरकार प्रवासी राजस्थानियों के लिए अब एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। राज्य सरकार उनके लिए एक नए विभाग का गठन करेगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को सीएम निवास पर प्रवासी राजस्थानी सम्मेलन-2025 की कार्ययोजना के संबंध में आयोजित बैठक में इस संबंध में ये बात कही है।
उन्होंने कहा कि प्रवासी राजस्थानियों की सहूलियत और उनके मुद्दों के लिए हमने कई कदम उठाए हैं। राज्य सरकार उनके लिए एक नए विभाग का गठन करने जा रही है। साथ ही, सभी जिलों में अतिरिक्त जिला कलक्टर को प्रवासी राजस्थानियों से संबंधित मुद्दों के समाधान के लिए नोडल अधिकारी बनाने के संबंध में आदेश एवं गाइडलाइन भी जारी हो चुकी है। इस सिंगल प्वाइंट कॉन्टैक्ट के माध्यम से प्रवासी भाई-बहनों के विषयों पर त्वरित कार्यवाही होगी। सीएम ने अधिकारियों को इस संबंध में कार्य प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
इस दौरान सीएम भजनलाल ने कहा कि प्रवासी राजस्थानियों के योगदान के सम्मान में राज्य सरकार आगामी 10 दिसम्बर को प्रवासी राजस्थानी सम्मेलन का आयोजन करने जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को आयोजन को सफल बनाने के लिए समयबद्ध रूप से कार्य करने के लिए निर्देशित किया।
सम्मेलन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में प्रवासी राजस्थानी होंगे शामिल
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस दौरान कहा कि कहा कि जयपुर में आयोजित होने वाले इस एक दिवसीय सम्मेलन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में प्रवासी राजस्थानी शामिल होंगे। सम्मेलन में कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के तहत सहयोग प्रदान कर रहे प्रवासी राजस्थानियों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा।
PC: dipr.rajasthan
Parmarth TV







