Parmarth TV
जयपुर। राजस्थान में अब एक ऐसी प्रणाली विकसित की जाएगी, जिससे सामाजिक योजनाओं के लाभ से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित नहीं रह सकेगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को सीएम निवास पर विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु विजन डॉक्यूमेंट को लेकर बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को ये निर्देश दिए हैं।
सीएम भजनलाल शर्मा ने इस दौरान कहा कि वंचितों को वरीयता देते हुए राजस्थान को वर्ष 2047 तक समावेशी रूप से विकसित राज्य बनाना है। प्रदेश में ऐसी प्रणाली विकसित की जाए जिससे सामाजिक योजनाओं के लाभ से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित नहीं रहे। उन्होंने सभी को शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा को कौशलपरक एवं रोजगारोन्मुखी भी बनाया जाए। साथ ही, विद्यार्थियों को समय-समय पर कैरियर परामर्श देकर उन्हें तनावमुक्त बनाया जाए।
सीएम भजनलाल शर्मा ने इस दौरान कहा कि किसी भी लक्ष्य की प्राप्ति में कार्ययोजना और उसकी क्रियान्विति की सबसे अधिक महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। निर्धारित लक्ष्यों को समय पर हासिल करके ही इच्छित परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
विकसित राजस्थान के लक्ष्य की प्राप्ति में 8 करोड़ प्रदेशवासियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण
सीएम ने कहा कि ये विजन डॉक्यूमेंट एक कागज नहीं, बल्कि राजस्थान के विकास का मार्ग है जिसे हम धरातल पर चरणबद्ध रूप से उतारेंगे। वर्ष 2047 के दीर्घकालीन लक्ष्य तक पहुंचने के लिए मध्यावधि लक्ष्य तय कर उन पर फोकस किया जाए। विकसित राजस्थान के लक्ष्य की प्राप्ति में 8 करोड़ प्रदेशवासियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है, अत: विजन डॉक्यूमेंट में आमजन के सुझाव भी शामिल किए जाएं।
PC: dipr.rajasthan
अपडेट खबरों के लिए हमारा वॉट्सएप चैनल फोलो करें
Parmarth TV







