Parmarth TV
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में एक बार फिर से मौसम में बड़ा बदलाव आने वाला है। बारिश और आंधी के बाद प्रदेश में एक बार फिर लोगों को भीषण गर्मी का कहर झेलना पड़ेगा। पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के साथ ही प्रदेश के कई जिलों के दिन के तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ है। विभाग की ओर से आगामी दिनों में तापमान बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में अगले 4-5 दिन मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि आज कोटा और उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
बीकानेर संभाग में कल से 10 जून तक अधिकतम तापमान 45 से 46 डिग्री रिकॉर्ड किया जा सकता है। वहीं कहीं-कहीं हीटवेव भी चल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, जून के दूसरे सप्ताह में पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने और पश्चिमी हवा सक्रिय होने से प्रदेश के तापमान में इजाफा होगा। इससे लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ेगा। हालांकि तीसरे सप्ताह में मानसून पूर्व की बारिश से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। चौथे सप्ताह में प्रदेश में मानसून के प्रवेश की भी उम्मीद है।
प्रदेश के प्रमुख शहरों में इतना रिकॉर्ड हुआ है अधिकतम तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 43.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान जोधपुर में 29.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। वहीं राजधानी जयपुर में 39.8 डिग्री, सीकर में 38.0 डिग्री, कोटा में 42.1 डिग्री, चित्तौडग़ढ़ में 41.5 डिग्री, अजमेर में 38.9 डिग्री, अलवर 38.0 डिग्री, जैसलमेर में 43.2 डिग्री, जोधपुर में 41.4 डिग्री, बीकानेर में 43.2 डिग्री, चूरू में 40.2 डिग्री और श्री गंगानगर में 41.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड हुआ है।
PC:m.punjabkesari
अपडेट खबरों के लिए हमारावॉट्सएप चैनलफोलो करें
Parmarth TV







