ग्वालियर के डबरा में मंगलवार से नवग्रह शक्तिपीठ मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह शुरू होगा, जो 20 फरवरी तक चलेगा। इस मंदिर में नौ ग्रह अपनी-अपनी पत्निय …और पढ़ें
Publish Date: Tue, 10 Feb 2026 10:15:11 AM (IST)Updated Date: Tue, 10 Feb 2026 10:15:11 AM (IST)
HighLights
- डबरा में नवग्रह शक्तिपीठ प्राण प्रतिष्ठा समारोह।
- 20 हजार महिलाएं निकालेंगी कलश यात्रा।
- ग्रह देवता के लिए एक-एक लाख आहुतियां देंगे।
धर्म डेस्क। ग्वालियर के डबरा में मंगलवार से नवग्रह शक्तिपीठ मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह शुरू होगा, जो 20 फरवरी तक चलेगा। इस मंदिर में नौ ग्रह अपनी-अपनी पत्नियों और वाहनों के साथ विराजमान होंगे। आयोजन की शुरुआत मंगलवार को विशाल कलश यात्रा से होगी।
आयोजकों का दावा है कि स्टेडियम ग्राउंड से शुरू होने वाली इस यात्रा में 20 हजार से अधिक महिलाएं शामिल होंगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नवग्रह शक्तिपीठ तक पहुंचेंगी। महोत्सव देश के प्रख्यात संतों, कथावाचकों और आध्यात्मिक हस्तियों का संगम बनेगा।
दाती महाराज, पंडोखर धाम के गुरुशरण शर्मा, धूमेश्वर धाम, दंदरौआ धाम और रावतपुरा सरकार सहित कई प्रमुख मठों के शंकराचार्य और संत भी शामिल होंगे। प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान नौ मंजिला भव्य यज्ञशाला में विशेष अनुष्ठान किए जाएंगे। संत बद्रीश जी महाराज और उनके 70 उपासकों की टीम विधि-विधान से पूजा कराएगी। प्रतिदिन प्रत्येक ग्रह देवता के लिए एक-एक लाख आहुतियां दी जाएंगी।
दाती महाराज पूरे दस दिनों तक विशेष साधना करेंगे। अनेक धार्मिक अनुष्ठान और तंत्र क्रियाएं संपन्न होंगी। दिनभर सैकड़ों ब्राह्मणों द्वारा मंत्र जाप किए जाएंगे। ये रहेंगे कार्यक्रम 11 से 13 फरवरी: कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा (सीहोर वाले) शिव महापुराण कथा का वाचन करेंगे। 14 से 16 फरवरी: कवि कुमार विश्वास अपनी विशेष काव्य प्रस्तुति ‘अपने-अपने राम’ पेश करेंगे। 17 से 20 फरवरी: बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा और दिव्य दरबार का आयोजन होगा।







