छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के प्राचीन शीतला मंदिर परिसर स्थित मां धूमावती पीठ में देवी को मिठाई के साथ-साथ कचौड़ी, मिर्ची भजिया और समोसे जैसे तीखे और…और पढ़ें
Publish Date: Wed, 14 Oct 2026 11:18:11 AM (IST)Updated Date: Wed, 14 Oct 2026 11:18:11 AM (IST)
धर्म डेस्क। छत्तीसगढ़ के रायपुर की प्राचीन बस्ती स्थित ऐतिहासिक शीतला मंदिर परिसर में साल 2011 से स्थापित ‘मां धूमावती पीठ’ श्रद्धालुओं की विशेष आस्था और आकर्षण का केंद्र है। दशमहाविद्याओं में सातवीं महाविद्या मानी जाने वाली मां धूमावती का यह धाम अपने अनोखा पूजन विधान और अनूठे भोग (प्रसाद) के लिए पूरे प्रदेश में प्रसिद्ध है।
यहां मां भगवती के उग्र स्वरूप को शांत करने तथा मन्नतें पूरी करने के लिए सामान्य फल-मिठाई के स्थान पर तीखे, चटपटे और मिर्च-मसालेदार नमकीन व्यंजनों का भोग लगाया जाता है।
निराकार और ज्योति बिंदु रूप में पूजा
मंदिर में मां धूमावती निराकार रूप में विराजमान हैं और उनकी पूजा ‘ज्योति बिंदु’ (अखंड ज्योति) के रूप में की जाती है। कहा जाता है कि मां धूमावती का स्वभाव उग्र माना जाता है। पीठ के पुजारी पं. नीरज सैनी के अनुसार, माता को तीखे मिर्च-मसालेदार नमकीन व्यंजनों का भोग लगाने से भक्तों के उग्र संकट समाप्त होते हैं और मन्नत पूरी होती है।
मां के दरबार में प्रतिदिन और विशेष अवसरों पर कचौड़ी, मिर्ची भजिया, समोसा, मुंगोड़ी, उड़द बड़ा तथा मिठाइयों में रसगुल्ला और चमचम का भोग अर्पित किया जाता है। स्वामी जी (दतिया की पीतांबरा पीठ वाले बाबा) के निर्देशानुसार पिछले 11 से अधिक सालों से मां को नमकीन और तीखे व्यंजनों का भोग लगाने की यह परंपरा अविरत चली आ रही है।
‘सूपा’ में भक्तों का दुर्भाग्य और कष्ट हरती हैं मां धूमावती
धार्मिक और पौराणिक मान्यताओं के अनुसार- मां धूमावती के हाथ में पारंपरिक ‘सूपा’ (अनाज साफ करने वाला पात्र) होता है। ऐसी मान्यता है कि जब भक्त माता के समक्ष अपनी व्यथा, रोग या दरिद्रता का दुखड़ा रोते हैं, तो मां अपने सूपा में भक्तों के दुर्भाग्य, पापों और कष्टों को समेटकर दूर कर देती हैं।
कालसर्प, मांगलिक और शत्रु दोष से मुक्ति का महाधाम
जो भी साधक या श्रद्धालु परेशानियों से ग्रसित हैं, वे मां धूमावती की साधना और दर्शन से राहत पाते हैं-
- ग्रह दोष: कुंडली में कालसर्प दोष, राहु-केतु की महादशा और मांगलिक दोष से मुक्ति मिलती है।
- जीवन के संकट: शत्रु बाधा, कोर्ट-कचहरी के विवाद, अचानक आने वाली विपत्तियां, पारिवारिक कलह और लंबे समय से पीछा न छोड़ रही दरिद्रता का नाश होता है।
ज्येष्ठ शुक्ल अष्टमी को मनती है मां धूमावती जयंती
- जयंती उत्सव: प्रतिसाल ज्येश्ठ माह के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को धूमावती जयंती के रूप में मंदिर परिसर में धूमधाम से मनाया जाता है।
- विशेष अनुष्ठान: इस पावन तिथि पर पीठ में विशेष हवन-पूजन, धूमावती महामंत्र का जाप, सहस्रार्चन और महाआरती का आयोजन किया जाता है, जिसमें दूर-दूर से तंत्र-साधक और श्रद्धालु अपनी मन्नतें लेकर पहुंचते हैं।
यह भी पढ़ें- नवरात्र का चौथा दिन आज: मां कुष्मांडा की पूजा से दूर होते हैं रोग और शोक, जानें व्रत कथा और पूजा विधि







