आनंद सागर पाठक, एस्ट्रोपत्री: 30 अप्रैल को बुधदेव (Mercury Transit 2026) अपनी चाल में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए मेष राशि में गोचर करेंगे। ज्योतिष के अनुसार इस गोचर का विशेष प्रभाव धनु, मकर, कुंभ और मीन राशि के जातकों पर देखने को मिलेगा। यह समय नई शुरुआत, अटके कार्यों की पूर्ति और करियर में उन्नति के लिए अनुकूल माना जा रहा है।
धनु राशि: रचनात्मकता और मित्रों का सहयोग
बुधदेव का गोचर धनु राशि के पांचवें भाव में हो रहा है, जो शिक्षा और संतान से जुड़ा होता है। इस दौरान जातकों की रचनात्मक क्षमता में वृद्धि होगी और वे खुद को उत्साहित महसूस करेंगे। मित्रों का भी भरपूर सहयोग मिलेगा। हालांकि निवेश या भावनात्मक फैसलों में जल्दबाजी से बचने की सलाह दी गई है।
उपाय: ‘ॐ बुधाय नमः’ का जाप करें और जोखिम वाले निवेश से दूरी बनाए रखें।
मकर राशि: परिवार और करियर में संतुलन जरूरी
मकर राशि के चौथे भाव में बुध का गोचर हो रहा है, जिससे घर और कार्यक्षेत्र दोनों प्रभावित होंगे। इस समय परिवार और नौकरी के बीच संतुलन बनाना जरूरी रहेगा। जमीन-जायदाद या घरेलू मामलों में व्यस्तता बढ़ सकती है। विवाद से बचने और शांत माहौल बनाए रखने की सलाह दी गई है।
उपाय: बुधवार को हरी वस्तुओं का दान करें और घर में सकारात्मक वातावरण बनाए रखें।
कुंभ राशि: संवाद कौशल से मिलेगा लाभ
कुंभ राशि के तीसरे भाव में बुध का गोचर होने से जातकों की बातचीत करने की क्षमता प्रभावशाली बनेगी। लोग उनकी बातों से प्रभावित होंगे और नई संभावनाएं बनेंगी। छोटी यात्राओं और नए कौशल सीखने के अवसर भी मिल सकते हैं। हालांकि बोलचाल में संयम बनाए रखना जरूरी होगा।
उपाय: बुध मंत्र का जाप करें और सोच-समझकर ही अपनी बात रखें।
मीन राशि: धन और वाणी पर रखें नियंत्रण
मीन राशि के दूसरे भाव में बुध का गोचर धन और वाणी से जुड़े मामलों को प्रभावित करेगा। इस समय आर्थिक मामलों में सतर्कता बरतने और खर्चों पर नियंत्रण रखने की जरूरत होगी। साथ ही, शब्दों का चयन सोच-समझकर करना जरूरी है, क्योंकि इसका असर रिश्तों पर पड़ सकता है।
उपाय: हरी दाल का दान करें और शांत व संतुलित संवाद बनाए रखें।
नई शुरुआत और अवसरों का समय
ज्योतिषाचार्य आनंद सागर पाठक के अनुसार यह गोचर चारों राशियों के लिए नए अवसर लेकर आएगा। लंबे समय से रुके कार्य पूरे हो सकते हैं और करियर में आगे बढ़ने के अवसर मिल सकते हैं।
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। नईदुनिया यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। नईदुनिया अंधविश्वास के खिलाफ है।







